
इंदौर. बर्थडे पार्टी में हथियारों का प्रदर्शन कर शेखी बघारने और रौब जमाने की तैयारी कर रहे चार युवकों को राऊ पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से चार देशी पिस्टल, एक रिवॉल्वर और चार जिंदा कारतूस मिले हैं. पुलिस अब हथियारों की खरीद फरोख्त से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है.
10 अगस्त की रात राऊ पुलिस कैट रोड और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की जांच कर रही थी. नखराली ढाणी गेट के आगे सुनसान गली में चार युवक अंधेरे में खड़े मिले. पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान एक सफेद थैले से चार देशी पिस्टल, एक रिवॉल्वर और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए. आरोपियों की पहचान ऋषभ, रितेश पवार, प्रेम उर्फ शुद्धोधन और सुमित उर्फ रोनी प्रजापत के रूप में हुई है, जब्त हथियारों की कीमत करीब 1.60 लाख रुपए है. पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने बर्थडे पार्टी में हथियार दिखाकर शेखी बघारने और रौब जमाने के लिए इन्हें खरीदा था. पार्टी में पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. अब पुलिस हथियारों के स्रोत और इन्हें उपलब्ध कराने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है.
मामले में जांच चल रही है…
आरोपियों ने बर्थडे पार्टी में हथियारों का प्रदर्शन कर रौब जमाने के लिए इन्हें खरीदा था. चारों को हथियारों के साथ पकड़ा है. हथियारों की सप्लाई से जुड़े लोगों और आरोपियों की अन्य गतिविधियों की जांच की जा रही है.
नरेंद्र रावत, डीसीपी जोन 1
