
ग्वालियर। चेंबर चुनाव में शनिवार को व्हाइट हाउस के प्रत्याशियों ने भगवान अचलेश्वर महादेव पर अभिषेक कर निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपने-अपने नामांकन प्रस्तुत किये। इसके पूर्व व्हाइट हाउस के सभी पदों के प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ अचलेश्वर महादेव मंदिर पर एकत्रित हुए एवं वहां पर अभिषेक किया। अभिषेक करने के उपरांत सभी प्रत्याशी ढोल नगाड़ों के साथ एवं आतिशबाजी करते हुए निर्वाचन कार्यालय पहुंचे और वहां पर अपने-अपने नामांकन प्रस्तुत किये।
इस अवसर पर व्हाइट हाउस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पारस जैन ने कहा कि यदि हमारी टीम चुनाव जीतकर आती है तो हमारी सबसे पहली प्राथमिकता चेंबर ऑफ कॉमर्स के नाम जो जमीन पड़ी हुई है उस पर नवीन चेंबर भवन का निर्माण कराया जाएगा। वही व्यापारियों की छोटी से छोटी बड़ी से बड़ी समस्याओं का तुरंत निराकरण किया जाएगा और जो ग्वालियर में आईटी पार्क है उसको डेवलपमेंट करके आईटी सेक्टर के छात्रों को रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी टीम चेंबर को नया आयाम और नई ऊंचाई देगी यही हमारा संकल्प है। व्हाइट हाउस के सचिव पद के प्रत्याशी दीपक अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2023 में मैंने जो व्यापारियों से वादा किया था की पूरा समय चेंबर को दूंगा और व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराऊंगा। इसके पूर्व व्हाइट हाउस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पारस जैन आदि ने शनिवार सुबह चंपाबाग की बगीची में जैन समाज के संत को श्रीफल भेंट किया एवं संतों के चरण धोकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
