वाहन उद्योग की वैश्विक प्रदर्शनी ‘ भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो’ 4-9 फरवरी तक राजधानी में

नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता) वाहन उद्योग पर देश की सबसे बड़ी वैश्विक प्रदर्शनी और सम्मेलन ‘ भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027’ का आयोजन 4 से 9 फरवरी 2027 तक राजधानी के भारत मंडपम और दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि में किया जाएगा।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार शाम को यहां इसकी घोषणा करते हुए उद्योग जगत से आग्रह किया कि वे पहले दो संस्करणों की सफलता को आगे बढ़ाएं और तीसरे संस्करण को बड़े पैमाने पर, अधिक कुशल और तकनीकी रूप से और अधिक उन्नत बना कर पेश करें। उन्होंने इस आयोजन से संबंधित कार्यक्रम में कहा कि पिछले संस्करणों की सफलता को आगे बढ़ाते हुए भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 का पैमाना और दायरा काफी व्यापक होने वाला है। आगामी संस्करण में स्थापित ऑटोमोटिव क्षेत्रों के साथ-साथ एडवांस्ड मोबिलिटी टेक्नोलॉजी, एयर मोबिलिटी, शहरी मास ट्रांजिट, एग्री-मोबिलिटी, बैटरी और एनर्जी सॉल्यूशंस तथा अगली पीढ़ी के परिवहन सिस्टम जैसे उभरते हुए क्षेत्रों को भी एक साथ लाया जाएगा।
श्री गोयल ने मोबिलिटी वैल्यू चेन से जुड़े उद्योग जगत के हितधारकों से आग्रह किया कि वे घरेलू बाजार से आगे देखें और वैश्विक बाजारों तथा निर्यात के अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि भारत के विशाल घरेलू बाजार को अंतरराष्ट्रीय बाजारों के साथ जोड़ने से व्यवसायों को बड़े पैमाने पर काम करने का लाभ मिलेगा और वे कीमतों के मामले में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे। भारतीय निर्माताओं की क्षमताओं पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि जो कंपनियां जापानी और यूरोपीय ऑटोमोबाइल निर्माताओं के साथ-साथ एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्रों को आपूर्ति करती हैं, उनमें विश्व-स्तरीय गुणवत्ता मानकों को पूरा करने की क्षमता है।
भारत मोबिलिटी की अवधारणा पर प्रारंभिक चर्चाओं को याद करते हुए श्री गोयल ने कहा कि इस पहल से मोबिलिटी पारिस्थितिकी तंत्र के विभिन्न क्षेत्रों को एक साथ लाया गया, जो पारंपरिक रूप से अलग-अलग समय और स्थानों पर अलग-अलग प्रदर्शनियों का आयोजन करते थे, जो अक्सर एक ही समूह के आगंतुकों को आकर्षित करते थे। उन्होंने कहा कि पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को एक छत के नीचे लाना भारत मंडपम और यशोभूमि की उपलब्धता से संभव हुआ है, जिसे भारत को एक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी स्थल बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के साथ विकसित किया गया है।
वाणिज्य मंत्री ने कहा कि भारत मोबिलिटी ने विभागों, मंत्रालयों और राज्यों के बीच की बाधाओं को दूर करके तथा मोबिलिटी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न उद्योगों को एक साथ लाकर संपूर्ण-सरकार दृष्टिकोण की ताकत को प्रदर्शित किया है। इनमें इस्पात, रसायन, इलेक्ट्रॉनिक्स, दोपहिया, तिपहिया, चार पहिया, वाणिज्यिक और यात्री वाहन, निर्माण उपकरण और टायर शामिल हैं।
दूसरे संस्करण की सफलता पर उद्योग से जुड़े लोगों को बधाई देते हुए श्री गोयल ने विश्वास जताया कि तीसरा संस्करण और भी बड़ा और बेहतर होगा। यह आकार और आगंतुकों (जिसमें देश-विदेश के लोग शामिल होंगे) की संख्या, दोनों ही मामलों में दुनिया की सबसे बड़ी मोबिलिटी प्रदर्शनी के रूप में उभर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी स्थल की मांग और सुविधाओं के विस्तार के आधार पर भारत मोबिलिटी संभावित रूप से वैश्विक पर अपनी तरह का सबसे बड़ा आयोजन बन सकता है।
मंत्री ने आयोजकों और उद्योग जगत से आग्रह किया कि वे इस कार्यक्रम का दुनिया भर में व्यापक प्रचार-प्रसार करें और कुल 10 लाख संभावित आगंतुकों में से कम से कम 25,000 अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों को आकर्षित करने का लक्ष्य रखें। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि यह आयोजन केवल ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (ओईएम) तक ही सीमित न रहे, बल्कि व्यापक वैश्विक इकोसिस्टम तक पहुंचे। इसमें टायर डीलर, सप्लायर, ऑटो कंपोनेंट निर्माता और एक बड़ा आफ्टर-सेल्स मार्केट भी शामिल हो।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार यह विस्तार भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो के एक मोबिलिटी प्रदर्शनी से विकसित होकर एक व्यापक वैश्विक मंच बनने को दर्शाता है, जो पूरे मोबिलिटी इकोसिस्टम का प्रतिनिधित्व करता है।
‘बेहतर कल के लिए स्मार्ट मोबिलिटी’ विषय के तहत बीएमजीई का तीसरा संस्करण विनिर्माण, इंजीनियरिंग, तकनीक, नवाचार और स्थायी मोबिलिटी के क्षेत्रों में भारत की क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा। साथ ही, यह उद्योग जगत, सरकार, स्टार्टअप्स, तकनीक प्रदाताओं, शिक्षा जगत और अंतरराष्ट्रीय हितधारकों के बीच सहयोग को बढ़ावा देगा। इस एक्सपो में दोनों जगह कई तरह के विशेष शो आयोजित किए जाएंगे।
भारत मंडपम में बीएमजीई 2027 में ऑटो एक्सपो-द मोटर शो , इंडिया इंटरनेशनल टायर शो , भारत बैटरी शो , मोबिलिटी टेक पवेलियन, इंडिया साइकिल शो और स्टील एंड एडवांस्ड मैटेरियल्स पवेलियन शामिल होंगे। यशोभूमि में होने वाले इस एक्सपो में ‘द कंपोनेंट्स एंड टेक्नोलॉजी शो ‘, ‘भारत कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट एक्सपो 2027’, ‘एग्री मोबिलिटी एंड टेक्नोलॉजी एक्सपो ‘, ‘एयर मोबिलिटी एक्सपो ‘ और ‘मेट्रो एंड अर्बन मास ट्रांजिट एक्सपो ‘ एक साथ आएंगे। दोनों ही जगहों पर राज्यों और मंत्रालयों की भागीदारी, सम्मेलन, विशेष पैवेलियन और अनुभव क्षेत्र, स्टार्टअप शोकेस, बैठकें, मीडिया सुविधाएं और मोबिलिटी से जुड़ी अन्य प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

भारत मोबिलिटी के दायरे में इन विविध क्षेत्रों को एक साथ लाने से आगंतुकों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों को पूरे मोबिलिटी इकोसिस्टम का अनुभव मिल सकेगा। इसमें वाहन, कलपुर्जे और सामग्री से लेकर सॉफ्टवेयर, बैटरी, डिजिटल तकनीक, बुनियादी ढांचा और भविष्य के मोबिलिटी समाधान शामिल हैं।
इस बार के संस्करण में मोबिलिटी के भविष्य को आकार देने वाली तकनीकों पर विशेष जोर दिया जाएगा। इनमें इलेक्ट्रिफिकेशन, उन्नत बैटरी और ऊर्जा-भंडारण तकनीकें, कनेक्टेड और सॉफ्टवेयर-आधारित वाहन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन, उन्नत विनिर्माण, टिकाऊ सामग्री और मोबिलिटी के नए समाधान शामिल हैं।

प्रदर्शनी क्षेत्र के अलावा भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 ज्ञान साझा करने और व्यावसायिक जुड़ाव के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में काम करना जारी रखेगा। इस एक्सपो में कॉन्फ्रेंस, लीडरशिप सेशन, नीतिगत चर्चाएं, प्रोडक्ट लॉन्च, टेक्नोलॉजी का प्रदर्शन, खरीदार-विक्रेता बैठकें और बी2बी/बी2जी बातचीत शामिल होंगी, जिनमें भारत और दुनिया भर के विशेषज्ञ तथा निर्णय लेने वाले लोग एक साथ जुटेंगे।

एमएसएमई, स्टार्टअप और उभरती हुई प्रौद्योगिकी कंपनियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। बीएमजीई इन उद्यमों को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने, वैश्विक ओईएम और टेक्नोलॉजी लीडर्स के साथ जुड़ने, संभावित साझेदारियों की तलाश करने और नए घरेलू तथा अंतर्राष्ट्रीय व्यावसायिक अवसरों तक पहुंच प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगा। इस आयोजन का एक और मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय भागीदारी होगी, जो कंट्री पैवेलियन और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के रूप में देखने को मिलेगी।

यह एक्सपो केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों, परीक्षण और प्रमाणन एजेंसियों, अनुसंधान संस्थानों और अन्य संबंधित हितधारकों को एक ऐसा मंच प्रदान करेगा, जहां वे भारत के तेजी से विकसित हो रहे मोबिलिटी परिदृश्य से जुड़ी अपने उपक्रमों, नीतियों, बुनियादी ढांचा क्षमताओं और कार्यक्रमों को प्रदर्शित कर सकें।
भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो को सरकार और उद्योग जगत के बीच आपसी सहयोग से विकसित किया जा रहा है। इसमें मोबिलिटी इकोसिस्टम के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख उद्योग संघ भी शामिल हैं।
इस कार्यक्रम में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, सहयोगी मंत्रालयों के प्रतिनिधि, उद्योग संघ, ऑटोमोटिव और मोबिलिटी क्षेत्र के दिग्गज, विदेशी मिशनों और दूतावासों के प्रतिनिधि, नॉलेज पार्टनर और अन्य प्रमुख हितधारकों ने भाग लिया।
काफी बड़े पैमाने, व्यापक क्षेत्रीय दायरे और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के साथ भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 का लक्ष्य भारत को मोबिलिटी मैन्युफैक्चरिंग, इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और निवेश के लिए एक प्रमुख वैश्विक गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। साथ ही इसका उद्देश्य दुनिया के अग्रणी मोबिलिटी प्लेटफॉर्म्स के बीच बीएमजीई की स्थिति को और सुदृढ़ करना भी है।

.....

Next Post

एक्वा लाइन मेट्रो का होगा विस्तार, 8.449 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर को मंत्रिमंडल की मंजूरी

Wed Nov 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 नवम्बर (वार्ता) केंद्र सरकार ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए नोएडा मेट्रो रेल परियोजना की एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल […]

You May Like