नयी दिल्ली, 11 नवम्बर (वार्ता) केंद्र सरकार ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए नोएडा मेट्रो रेल परियोजना की एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी दे दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी।
बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मंत्रिमंडल के इस निर्णय के तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 तक 8.449 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो कॉरिडोर बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना चार वर्ष में पूरी की जायेगी। इस रूट पर 05 एलिवेटेड स्टेशन होंगे। कॉरिडोर शुरू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सक्रिय मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 71.878 किलोमीटर हो जाएगी।
श्री मोदी ने बाद में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ” जैसे-जैसे नोएडा और ग्रेटर नोएडा का विकास हो रहा है, तो लोगों का रोजाना का आवागमन लंबा क्यों होना चाहिए? नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है! कैबिनेट ने एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इसके प्रमुख लाभ: कार्यालयों, स्कूलों, अस्पतालों और व्यावसायिक केंद्रों तक आसान पहुंच। यातायात की भीड़भाड़ में कमी। आवागमन में लगने वाले समय में कमी। निश्चित रूप से, यह कनेक्टिविटी और जीवन को अधिक सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है!”
श्री वैष्णव ने कहा कि इस विस्तार से नोएडा के कई व्यावसायिक, आवासीय, शैक्षणिक और स्वास्थ्य केंद्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। साथ ही नोएडा सेक्टर-61 पर ब्लू लाइन मेट्रो के साथ इंटरचेंज की सुविधा भी मिलेगी।
प्रस्तावित कॉरिडोर से गौर सिटी मॉल, एचएंडएस मॉल, ब्लू सफायर मॉल और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 के व्यावसायिक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा नोएडा सेक्टर-51 स्थित आई के ई ए और सेक्टर-73 का एंथुरियम मॉल भी इस विस्तार से लाभान्वित होने वाले प्रमुख स्थानों में शामिल हैं। आईटी और व्यावसायिक क्षेत्रों में टेक महिंद्रा, टीसीएल टेक के कार्यालय, ऑयल इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 स्थित गोल्डन आई के कार्यालय एवं व्यावसायिक क्षेत्र को भी इस कॉरिडोर से जोड़ने की योजना है।
शैक्षणिक संस्थानों में नोएडा सेक्टर-122 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल सहित अन्य संस्थानों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। वहीं, कैलाश हॉस्पिटल, रामा हॉस्पिटल और क्लाउडनाइन हॉस्पिटल जैसे स्वास्थ्य केंद्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। आवासीय क्षेत्रों में नोएडा सेक्टर-122 की क्लियो काउंटी और ग्रेटर नोएडा के गौर सिटी-1 व गौर सिटी-2 को भी इस विस्तार से लाभ मिलने की उम्मीद है।
मेट्रो नेटवर्क के इस विस्तार से सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने और ट्रैफिक जाम की समस्या घटाने में मदद मिल सकती है। इससे वाहनों की आवाजाही सुगम होने, यात्रा का समय घटने और सड़क सुरक्षा में सुधार की उम्मीद है। इसके साथ ही मेट्रो के इस्तेमाल में बढ़ोतरी से पारंपरिक जीवाश्म ईंधन आधारित परिवहन की तुलना में कार्बन उत्सर्जन कम करने में भी मदद मिलेगी। बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी से लोगों के लिए दफ्तरों और व्यावसायिक केंद्रों तक पहुंचना आसान होगा। इससे उत्पादकता बढ़ने के साथ नए मेट्रो स्टेशनों के आसपास स्थानीय कारोबार, निवेश और विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट के मुताबिक इस विस्तार से लोगों को दिल्ली के हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशनों और विभिन्न बस डिपो जैसे परिवहन केंद्रों तक पहुंचने में भी बेहतर सुविधा मिल सकती है।
कुल मिलाकर, नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-04 तक एक्वा लाइन का यह विस्तार सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने, ट्रैफिक का दबाव कम करने और शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच आवागमन को आसान बनाने की दिशा में अहम परियोजना है।
Next Post
डब्ल्यूटीए फाइनल्स के सेमीफाइनल में जगह पक्की करने वाली पहली खिलाड़ी बनीं नोस्कोवा
Wed Nov 11 , 2026
वाशिंगटन, 11 नवंबर (वार्ता) विंबलडन चैंपियन लिंडा नोस्कोवा ने मंगलवार को इंडियन वेल्स टेनिस गार्डन में कोको गॉफ को सिर्फ 75 मिनट में 6-3, 6-3 से हरा दिया। इसके साथ ही, वह 2026 डब्ल्यूटीए फाइनल्स के सेमीफाइनल में जगह पक्की करने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं। पहले सेट की शुरुआत […]

You May Like
-
9 months ago
फ्रिट्ज, शेल्टन, शापोवालोव और सिलिच सेमीफाइनल में
-
10 months ago
डीआरडीओ ने स्वदेशी एमपीएटीजीएम का किया सफल परीक्षण
