रातभर बदमाशों की धरपकड़, 1218 की चेकिंग; 275 वारंट तामील

इंदौर:शहर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की जांच के लिए पुलिस ने शनिवार रात सभी थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया. देर रात तक चली कार्रवाई में पुलिस ने 1218 से ज्यादा बदमाशों को चेक किया. इनमें 524 के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई.पुलिस ने अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों के 275 वारंट तामील कराए. इनमें 85 स्थायी, 76 गिरफ्तारी और 114 जमानती वारंट शामिल हैं. आदतन अपराधियों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई. 75 बदमाशों के खिलाफ अलग-अलग प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर उन्हें नोटिस और समंस तामील कराए गए.
147 शराबी चालक मिले…
रात में वाहन चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 147 लोगों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई. सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले लोगों के खिलाफ 24 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि मादक पदार्थ का सेवन करने वालों के खिलाफ तीन मामले बनाए गए. पुलिस ने अपराध की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों में चिन्हित बदमाशों की भी जांच की. इसमें 210 गुंडे-बदमाश, 86 चाकूबाज, 73 नकबजन, 30 लूट के आरोपी, 130 निगरानी बदमाश और 36 जिलाबदर बदमाश शामिल हैं. 565 से ज्यादा बदमाशों की गतिविधियों की जांच की गई.
होटल-लॉज में भी जांच…
पुलिस टीमों ने हॉटस्पॉट, शैडो एरिया और मल्टियों में पैदल भ्रमण के साथ बाइक से पेट्रोलिंग की. कुछ इलाकों में ड्रोन के जरिए भी निगरानी की गई. होटल, लॉज और रैन बसेरों में ठहरे संदिग्ध लोगों की जानकारी जांची गई. सक्रिय और आदतन अपराधियों को थाने बुलाकर उनके डोजियर भी अपडेट कराए गए. पुलिस ने कुछ बदमाशों को रेड और यलो नोटिस देकर दोबारा अपराध करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी. इसके अलावा ब्लैक फिल्म, हूटर और मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर भी चालानी कार्रवाई की गई. एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि रात में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अभियान चलाया था. इसमें बदमाशों की चेकिंग के साथ वारंट तामील और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई. संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की पेट्रोलिंग और निगरानी आगे भी जारी रहेगी.

Next Post

भजन के लिए शरीर का स्वस्थ रहना जरूरी: पं मुद्गल

Sun Aug 23 , 2026
ग्वालियर: भगवान का भजन करने के लिए तन और मन से स्वस्थ रहना जरूरी है। जब शरीर स्वस्थ होगा और मन में प्रसन्नता होगी तो भगवान के भजन में भी मन लगेगा। हम स्वस्थ तभी रह पाएंगे जब हमारा भोजन शुद्ध और सात्विक होगा। यदि हम अभक्ष पदार्थों को खाकर […]

You May Like