‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के जरिए मोदी सरकार को हराकर व्यवस्था बदलना है विपक्ष का लक्ष्य : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने वोट चोरी के जरिए सत्ता हथियाकर देश की विकास प्रक्रिया को पूरी तरह से चौपट कर दिया है इसलिए ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान के जरिए मोदी सरकार को हराकर व्यवस्था में बदलाव लाना विपक्षी इंडिया गठबंधन का लक्ष्य है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विपक्ष का उद्देश्य चुनाव के जरिए सरकार बदलना है लेकिन भाजपा इस अभियान से परेशान है क्योंकि उन्हें अब लोकतंत्र की आदत नहीं रह गई है।

श्री खेड़ा ने कहा कि बीते कई दिनों से देश में आक्रोश है और नौजवान सड़कों पर उतर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से सवाल पूछे जा रहे हैं लेकिन जवाब मोदी सरकार दे रही है। उनका कहना था कि पहले प्रधानमंत्री से सवाल पूछे जाते थे तो ज्ञानेश कुमार जवाब देते थे और अब ज्ञानेश कुमार से सवाल पूछे जाते हैं तो भाजपा सरकार जवाब दे रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह मीडिया चैनलों के संपादकों को दावत देकर उन्हें ऑफ द रिकॉर्ड जानकारी दे रहे हैं। सवाल है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से क्यों नहीं हटाया जा रहा है और मोदी सरकार उन्हें हटाने के लिए तैयार क्यों नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले 100 वर्षों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाती रही है। अब विश्वविद्यालयों, चुनाव आयोग और नौकरशाही समेत विभिन्न संस्थानों में संघ की विचारधारा का प्रभाव बढ़ा है।
श्री खेड़ा ने कहा कि जब भी मोदी सरकार से सवाल पूछे जाते हैं, तो जवाब देने के बजाय सवाल उठाने वालों पर आरोप लगाए जाते हैं और उनके खिलाफ साजिशें रची जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को ‘दिमागी नक्सली’, ‘देशविरोधी’ और ‘वामपंथी’ बताकर उनके सवालों से बचने की कोशिश कर रही है।
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के कथन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष का कर्तव्य विरोध करना, सच्चाई सामने लाना और संभव हो तो सरकार को सत्ता से हटाना है। भाजपा को जब लोकतांत्रिक तरीके से सवालों का सामना करना पड़ता है तो उसे इस तरह का विरोध देशद्रोह लगने लगता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान के जरिए सरकार को हराने और व्यवस्था बदलने की बात कर रही है। चुनाव के जरिए सत्ता परिवर्तन लोकतंत्र का हिस्सा है और विपक्षी इंडिया गठबंधन इसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से बदलाव चाहता है।

.....

Next Post

त्योहारों के समय अतिक्रमण की कार्रवाई पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन

Fri Oct 16 , 2026
भोपाल। त्योहारों के बीच अतिक्रमण की कार्रवाई… और इसके विरोध में सड़क पर उतरी युवा कांग्रेस!भोपाल में मकानों और दुकानों पर लगातार हो रही कार्रवाई को लेकर अब विरोध तेज हो रहा है। भोपाल शहर जिला युवा कांग्रेस ने नगर निगम के ज़ोन क्रमांक 10 में कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन […]

You May Like

Play sound