इंदौर: भंवरकुआं क्षेत्र के चितावद इलाके में एक महिला से छेड़छाड़ और उसके पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. महिला अपनी बेटी के प्रेम संबंध को लेकर समझाइश देने गई थी, इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उसके साथ अभद्रता करते हुए उसके पति को पीट दिया.थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि कुम्हार भट्टी पालदा क्षेत्र में रहने वाली 32 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी बेटी का चितावद में रहने वाले एक युवक से संबंध है.
इसी विषय पर बात करने के लिए वह अपने पति कुलदीप के साथ देर रात करीब युवक के घर पहुंची थी. बातचीत के दौरान वहां मौजूद युवक का साथी मुन्ना हार्डिया भी आ गया. आरोप है कि उसने महिला के साथ गलत हरकत करते हुए अभद्रता की. महिला ने विरोध किया और शोर मचाते हुए अपने पति को बुलाया. स्थिति बिगड़ने पर मुन्ना ने अपने भाई मेहुल हार्डिया को मौके पर बुला लिया. इसके बाद दोनों ने मिलकर महिला के पति के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी. शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिससे घबराकर आरोपी मौके से भाग निकले. पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है
