रीवा: मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित किए जाने वाले जन विश्वास अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम रीवा द्वारा नागरिक सुविधाओं एवं विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेने के लिए निरीक्षण किया जा रहा है. निगम आयुक्त अक्षत जैन द्वारा गोल क्वार्टर पीएम आवास, कृष्णा नगर पीएम आवास एवं एसएएफ पीएम आवास स्थलों का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों के शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि तीनों आवास स्थलों पर लंबित निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए नवंबर माह के अंतिम सप्ताह तक उन्हें पूर्ण कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना निगम की प्राथमिकता है, इसलिए निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने पीएम आवास स्थलों के आसपास की सडक़ों की स्थिति का भी जायजा लिया.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवास के आस पास खराब हुई सडक़ों का रोड रेस्टोरेशन कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि नागरिकों को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े. साथ ही निर्देशित किया कि आवास स्थलों पर शेष सीवरेज कार्यों को भी जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए. इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं.
जन विश्वास अभियान का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराना है. निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें तथा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराएं, जिससे पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जा सके.इस दौरान उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी पीएम आवास प्रकाश द्विवेदी, सहायक यंत्री अभिनव चतुर्वेदी तथा संविदाकार एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे
