जंगल गए चरवाहे पर बाघ ने किया हमला

सतना : जिले के मझगवां वन परिक्षेत्र अंतर्गत पड़वनिया जागीर गांव के निकट स्थित जंगल में भैंस चराने गए एक चरवाहे पर बाघ द्वारा हमला किए जाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई. हलांकि गनीमत यह रही कि बाघ के हमले से चरवाहे को अधिक चोट नहीं आई. वहीं घटना होती देख वन विभाग द्वारा सतर्कता बढ़ा दी गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मझगवां क्षेत्र अंतर्गत पड़वनिया जागीर गांव के निवासी 35 वर्षीय राजेश यादव पिता रामचंद्र हर रोज की तरह रविवार को भी अपनी भैंस चराने के लिए निकट स्थित जंगल में गए थे. बताया गया कि दिन भर मवेशी चराने के बाद शाम के लगभग साढ़े 5 बजे जब वे वापस लौटने लगे तो उन्हें गुर्राहट की आवाज सुनाई दी. इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते उनके सामने अचानक बाघ आ गया.

देखते ही देखते बाघ उन पर झपट पड़ा. लेकिन बाघ से बचने के लिए राजेश कूद कर दूसरी ओर गिर गए. लेकिन इस दौरान बाघ का पंजा उनकी आंख और गाल के बीच वाले हिस्से पर लग गया. जान जोखिम में देख उन्होंने गुहार लगानी शुरु की. जिसे सुनकर आस पास मौजूद लोग हल्ला मचाते हुए बाघ की ओर दौड़े. लोगों को आता देख बाघ जंगल की ओर भाग निकला. लोगों ने राजेश को संभालते हुए जंगल से बाहर निकाला और फौरन उपचार के लिए मझगवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां पर उनका उपचार शुरु हुआ. राजेश की हालत खतरे से बाहर बताई गई.
साल भर में तीसरी घटना
मझगवां वन परिक्षेत्र में बाघ द्वारा इंसान पर हमला किए जाने की घटना इससे पहले जुलाई महीने में डेंगरहट फौरेस्ट बैरियर के निकट सामने आई थी. जिसमें एक 22 वर्षीय युवक घायल हो गया था. इसी कड़ी में चितहरा-बिरसिंहपुर मार्ग पर बुंदेलापुर मोड़ के निकट सडक़ किनारे बाघ की मौजूदगी ने लोगों के बीच दहशत भर दी थी. वहीं रविवार को सामने आई ताजा घटना के बाद वन विभाग द्वारा निगरानी बढ़ाए जाने के साथ ही लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है

Next Post

विरोध करने वाले रास्ते में मिलते तो वहीं ‘दूसरा कार्यक्रम’ कर देते: राजा भैया

Mon Nov 23 , 2026
सतना: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया रविवार शाम मैहर पहुंचे। उन्होंने त्रिकूट पर्वत स्थित मां शारदा शक्तिपीठ में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इससे पहले उन्होंने चित्रकूट पहुंचकर भगवान कामदगिरि की परिक्रमा की थी। मैहर में […]

You May Like