बिरला ने स्वच्छ और हरित भारत के निर्माण के लिए सामूहिक कार्रवाई का आह्वान किया

नयी दिल्ली, 25 अक्तूबर (वार्ता) लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज कहा कि भारतीय समाज ने सदा से ही प्रकृति की पूजा की है और इसके प्रति गहरी श्रद्धा रखी है और पर्यावरण के प्रति सम्मान हमारा विश्वास नहीं बल्कि जीवन का अभिन्न अंग है।

श्री बिरला ने यहाँ सोहन सिंह की जयंती के अवसर पर कहा कि उन्हें एक दूरदर्शी और निस्वार्थ समाजसेवी बताया, जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि श्री सिंह ने न केवल सामाजिक परिवर्तन के लिए काम किया, बल्कि उनका यह भी मानना था कि सच्चा परिवर्तन व्यक्तिगत स्तर से शुरू होता है। उन्होंने कहा कि इस आंतरिक परिवर्तन से नैतिक शक्ति बढ़ती है, एक सदाचारी समाज का निर्माण होता है जिससे अंततः राष्ट्र निर्माण होता है। श्री बिरला ने आगे कहा कि सादा जीवन और उच्च विचार के उनके आदर्श देश में आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि मानवीय गतिविधियाँ पारिस्थितिक असंतुलन का प्रमुख कारण रही हैं। कोविड-19 महामारी का उल्लेख करते हुए, उन्होंने कहा कि जब मानवीय गतिविधियाँ रुकीं, तो प्रकृति ने स्वयं को स्वस्थ करना शुरू कर दिया – नदियाँ स्वच्छ हो गईं, वायु की गुणवत्ता में सुधार हुआ और वनों में जीवन फलने-फूलने लगा – यह इस बात का स्मरण कराता है कि सस्टेनेबल जीवन कितना आवश्यक है।

उन्होंने सुझाव दिया कि एक राष्ट्र के रूप में, भारत को भावी पीढ़ियों के लिए पर्यावरण की रक्षा और संरक्षण हेतु नव संकल्प के साथ एकजुट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की यह ज़िम्मेदारी है कि वह यह सुनिश्चित करे कि प्रगति और स्थिरता साथ-साथ चलें। उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए सामूहिक चेतना और ज़िम्मेदारी से जीवन जीना आवश्यक है।

 

 

Next Post

आवारा जानवरों के मामले में पेश की गई रिपोर्ट से कोर्ट संतुष्ट नहीं

Sun Oct 26 , 2025
जबलपुर: सडक़ों में घूमने वाले आवारा जानवरों के मामले में पेश की गई रिपोर्ट पर कोर्ट ने असंतुष्टि जाहिर की है। चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ ने मामले में नगर निगम की कार्रवाई को कटघरे में रखते हुए पूछा है कि सरकार द्वारा बनाये गये […]

You May Like