स्मार्ट बॉर्डर की ओर बढ़ता भारत

भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति अब केवल सैनिक तैनाती तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि वह तेजी से तकनीक आधारित सुरक्षा मॉडल की ओर बढ़ रही है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा भारत-पाकिस्तान और भारत-बांग्लादेश सीमा को ‘स्मार्ट बॉर्डर’ में बदलने की घोषणा इसी व्यापक रणनीतिक बदलाव का संकेत है. यह पहल केवल सीमाओं की निगरानी का मामला नहीं, बल्कि बदलती वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों के अनुरूप भारत की नई सोच को भी दर्शाती है.

भारत की सीमाएं लंबे समय से घुसपैठ, ड्रग्स तस्करी, हथियारों की सप्लाई और पशु तस्करी जैसी समस्याओं से जूझती रही हैं. पाकिस्तान सीमा पर आतंकवाद और ड्रोन के जरिए हथियार पहुंचाने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं, जबकि बांग्लादेश सीमा पर अवैध घुसपैठ और कैटल स्मगलिंग सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है. ऐसे में केवल पारंपरिक तारबंदी या मानव निगरानी पर्याप्त नहीं रह गई थी. यही कारण है कि अब सरकार हाईटेक कैमरों, सेंसर, रडार और रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए सीमाओं को डिजिटल सुरक्षा कवच देने की दिशा में आगे बढ़ रही है.

दुनिया के कई देशों ने पहले ही ‘स्मार्ट बॉर्डर मैनेजमेंट’ को अपनाया है. अमेरिका, इजरायल और यूरोप के कई देशों में सेंसर आधारित निगरानी, थर्मल इमेजिंग और ड्रोन ट्रैकिंग तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है. भारत भी अब उसी दिशा में कदम बढ़ा रहा है. यह पहल खास तौर पर इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि आज सुरक्षा खतरे केवल जमीन तक सीमित नहीं हैं. ड्रोन तकनीक ने सीमा पार से हथियार, नकली करेंसी और मादक पदार्थों की तस्करी को नया रूप दे दिया है. ऐसे में तकनीक आधारित निगरानी समय की मांग बन चुकी है.

हालांकि इस योजना की सफलता केवल उपकरण लगाने से तय नहीं होगी. सबसे बड़ी चुनौती इन हाईटेक प्रणालियों के प्रभावी संचालन और रखरखाव की होगी. सीमावर्ती क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियां बेहद कठिन हैं. कहीं घने जंगल हैं, कहीं दलदली जमीन, तो कहीं नदी और पहाड़ी इलाके. ऐसे क्षेत्रों में तकनीकी ढांचे को लगातार सक्रिय रखना आसान नहीं होगा. इसके अलावा साइबर सुरक्षा भी एक बड़ा मुद्दा है. यदि दुश्मन देश इन डिजिटल प्रणालियों को हैक करने या बाधित करने की कोशिश करें, तो उससे निपटने की मजबूत व्यवस्था भी जरूरी होगी.

इस पूरी योजना का एक महत्वपूर्ण सामाजिक और राजनीतिक पक्ष भी है. गृह मंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में ‘जनसंख्या बदलाव’ रोकने की बात कही है. यह विषय संवेदनशील है और इसे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय राष्ट्रीय सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया के दायरे में ही देखा जाना चाहिए. किसी भी लोकतंत्र में सुरक्षा और मानवीय संवेदनाओं के बीच संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक होता है.

सकारात्मक बात यह है कि पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा जैसे राज्यों का इस परियोजना को सहयोग मिल रहा है. सीमाई सुरक्षा केवल केंद्र सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राज्यों के सहयोग से ही प्रभावी हो सकती है. यदि केंद्र और राज्य मिलकर समन्वित रणनीति अपनाते हैं, तो यह परियोजना राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकती है.

स्पष्ट है कि भारत अब ‘रिएक्टिव सिक्योरिटी’ से आगे बढक़र ‘प्रोएक्टिव और टेक्नोलॉजी ड्रिवन सिक्योरिटी’ की ओर बढ़ रहा है. स्मार्ट बॉर्डर केवल तारबंदी का विस्तार नहीं, बल्कि नए भारत की सुरक्षा दृष्टि का प्रतीक है.

 

Next Post

पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस का अलग-अलग क्षेत्रों में प्रदर्शन

Mon May 25 , 2026
इंदौर: शहर में भीषण गर्मी में पानी के लिए आम जनता परेशान हो रही है. इस बीच निजी पानी टैंकर पर रोक और पानीभरने में भेदभाव के कारण खामियाजा जनता भुगतने को मजबूर है. इसी को लेकर रविवार को कांग्रेस पार्षदों ने अलग-अलग क्षेत्र में प्रदर्शन किया.जल संकट की विकट […]

You May Like