पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस का अलग-अलग क्षेत्रों में प्रदर्शन

इंदौर: शहर में भीषण गर्मी में पानी के लिए आम जनता परेशान हो रही है. इस बीच निजी पानी टैंकर पर रोक और पानीभरने में भेदभाव के कारण खामियाजा जनता भुगतने को मजबूर है. इसी को लेकर रविवार को कांग्रेस पार्षदों ने अलग-अलग क्षेत्र में प्रदर्शन किया.जल संकट की विकट स्थिति के बीच वार्ड 75 के पार्षद कुणाल सोलंकी ने प्रातः 10.30 बजे नेमावर रोड स्थित पालदा चौराहे पर हनुमान मंदिर के पास चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान बड़ी संख्या में वार्ड के रहवासियों ने पानी की कमी और टैंकर नहीं बढ़ाने को लेकर नगर निगम और महापौर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

देखते ही देखते प्रदर्शन चक्काजाम में बदल गया, जिससे सडक¸ के दोनों ओर लंबा जाम लग गया. इस दौरान आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा. पार्षद का कहना है कि वार्ड 75 की सिर्फ 2 कॉलोनियों में नर्मदा पानी की सप्लाई है, उसमें भी सिर्फ 15 मिनट पानी आता है, शुरू में 19 मिनट तो गंदा पानी आता है. सिर्फ 5 मिनिट थोड़ा साफ पानी होता है, वह भी इतने कम प्रेशर से आता है कि पूर्ति नहीं हो पाती है. सोलंकी ने कहा कि बाकी सारी जगह टैंकर से पानी देते हैं, लेकिन मुझे सिर्फ 5 टैंकर दे रखे हैं, उसमें भी विधायक एवं इंजीनियर दो टैंकर का उपयोग कर लेते हैं. तीन टैंकर से क्षेत्र में पूर्ति नहीं कर पा रहे हैं. पार्षद सोलंकी ने आरोप लगाया कि हाइड्रेंट पर विधायक समर्थक मंडल अध्यक्ष का कब्जा है और वो चाबी ले जाते हैं. रात को निजी टैंकर भरकर हमारे साथ भेदभाव कर रहे हैं.

नेमावर रोड पर 2 घंटे ठप रहा ट्रैफिक, 18 नामजद सहित अन्य पर केस दर्ज
पार्षद कुणाल सोलंकी और समर्थकों द्वारा बिना अनुमति किए गए प्रदर्शन और चक्काजाम के कारण नेमावर रोड पर करीब 2 घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और सडक¸ पर डटे रहे. तो थाना भंवरकुआं में 18 नामजद सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस ने बिना अनुमति भीड़ एकत्रित करने, आम रास्ता बाधित करने और लोक व्यवस्था प्रभावित करने की धाराएं लगाई हैं. थाना प्रभारी संतोष दूधी ने बताया कि इस मामले में कुणाल सोलंकी सहित राकेश सिलावट, पवन पुरी, तारा पटेल, कमल प्रजापत, दिनेश पटेल, पवन पटेल, दौलत पटेल, दिनेश प्रजापत, नीलू ठाकुर, दिलीप सुरागे (पूर्व पार्षद), दिनेश कुशवाह, अजय झा, सतीश शिंदे, सुरेश सोलंकी, गौरव मराठा, सुनील मंडलोई, शुभम करोसिया एवं महिला झमु चौहान को नामजद आरोपी बनाया है. इसके अलावा अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है.

एसीपी के पैर में गिरकर पार्षद ने मांगा पानी
पालदा में पानी की समस्या को लेकर आज पार्षद कुणाल सोलंकी ने चक्काजाम किया. चक्काजाम करने से एसीपी ने रोकने की कोशिश की, तो पार्षद सोलंकी ने दंडवत प्रणाम कर कहा कि आप पानी दिलवा दो. प्रदर्शन में शामिल वार्ड के रहवासी बोले पानी नहीं मिल रहा है. हम इंसान नहीं है क्या? एसीपी कोई जवाब नहीं दे पाए

Next Post

राशिफल-पंचांग : 25 मई 2026

Mon May 25 , 2026
पंचांग 25 मई 2026:- रा.मि. 04 संवत् 2083 अधिक ज्येष्ठ शुक्ल नवमीं चन्द्रवासरे दिन 8/2, पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्रे प्रात: 6/35, हर्षण योगे दिन 7/33, कौलव करणे सू.उ. 5/19, सू.अ. 6/41, चन्द्रचार सिंह दिन 12/41 से कन्या, शु.रा. 5,7,8,11,12,3 अ.रा. 6,9,10,1,2,4 शुभांक- 7,9,3. ————————————————————- आज जिनका जन्मदिन है- उनका आगामी वर्ष: सोमवार […]

You May Like