इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में 42 मकानों को तोड़े जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कार्रवाई के बाद बेघर हुए पीड़ित परिवारों ने प्रेसवार्ता कर प्रशासनिक कार्रवाई और जमीन के स्वामित्व को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। पीड़ितों का आरोप है कि श्रीराम बिल्डर्स और शशिभूषण खंडेलवाल से जुड़े कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रशासन को गुमराह किया गया और महत्वपूर्ण न्यायालयीन तथ्यों को छिपाकर एकपक्षीय कार्रवाई कराई गई।
रहवासियों ने दावा किया कि वर्ष 2003 के कथित फर्जी विक्रय लेख और जमीन से जुड़े अन्य दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पीड़ित परिवारों के वकील कुशाग्र चौहान ने प्रेसवार्ता में भूमि स्वामित्व, राजस्व विभाग की भूमिका और पूर्व के न्यायालयीन आदेशों को लेकर सवाल उठाए। रहवासियों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान नगर निगम को पक्षकार नहीं बनाया गया और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को नजरअंदाज किया गया। वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया ने इसे 42 परिवारों के जीवनभर की पूंजी और आशियाने से जुड़ा मानवीय संकट बताया। पीड़ित परिवारों ने पूरे मामले की हाईकोर्ट से निष्पक्ष जांच कराने, कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों और नियम विरुद्ध कार्रवाई में शामिल अधिकारियों पर कार्रवाई करने के साथ मकान टूटने से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। हालांकि, ये सभी आरोप पीड़ित पक्ष की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
