टीकमगढ़: श्री राम राजा सरकार की पावन नगरी और विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल ओरछा के लिए जल्द ही खुशखबरी मिलने वाली है। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर ओरछा से होकर गुजरने वाली वंदे भारत ट्रेन की मांग की है।
सिंधिया ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कहा जाता है, सर्वव्यापक राजाराम के दो निवास हैं खास, दिवस रहत ओरछा, शयन अयोध्या वास। इस धार्मिक भावना को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आग्रह किया है कि यदि वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से चलकर ओरछा, चित्रकूट, प्रयागराज होते हुए अयोध्या तक वंदे भारत ट्रेन शुरू की जाए, तो यह राम भक्तों और पर्यटकों के लिए आस्था और सुविधा दोनों का सेतु बनेगी।
इस रेल मार्ग से श्रद्धालु श्री राम राजा सरकार के दर्शन के साथ-साथ अयोध्या में प्रभु श्री राम जन्मभूमि और प्रयागराज में पवित्र त्रिवेणी संगम में स्नान का पुण्य लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे। स्थानीय लोगों में इस खबर से उत्साह का माहौल है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही यह सपना साकार होगा।
