
गंजबासौदा। बरेठ रोड स्थित चर्च के पास एक बड़ा हादसा टल गया. तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक के सामने अचानक एक मोटरसाइकिल चालक पहुंच गया. ट्रक चालक ने तत्काल ब्रेक लगाई, जिससे बाइक सवार बाल-बाल बच गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, यह क्षेत्र लगातार दुर्घटना संभावित जोन बना हुआ है.
बरेठ रोड पर सड़क के दोनों ओर भारी अतिक्रमण होने से वाहन चालकों को अपने वाहन साइड में खड़ा करने तक की जगह नहीं मिलती. दुकानदार फुटपाथ और सड़क तक सामान फैलाकर रखते हैं, वहीं हाथठेले और गुमटियां भी आवागमन में बड़ी बाधा बनी हुई हैं. स्कूल और कॉलेजों की बाउंड्री वॉल से सटे क्षेत्रों में भी लोगों ने अवैध कब्जे कर रखे हैं. कई बार नगर पालिका द्वारा कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया गया, पर कुछ दिनों बाद फिर से कब्जे शुरू हो जाते हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से प्रभावशाली गुमठी एवं खोखा संचालक खुलेआम अतिक्रमण कर रहे हैं, जो दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं. कृषि उपज मंडी, कॉलेज, जनपद पंचायत और कई विद्यालय इसी मार्ग पर होने से वाहनों का दबाव भी अत्यधिक रहता है. इसके बाद भी यहां की स्थिति नहीं सुधर रही. आश्चर्य की बात यह है कि न्यायाधीश, तहसीलदार और अन्य अधिकारी इसी मार्ग से रोज गुजरते हैं, फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है.
यातायात पुलिस भी इस मार्ग पर सक्रिय नजर नहीं आती. शराब पीकर वाहन चलाने वालों की कभी चेकिंग नहीं होती. आधा दर्जन से अधिक लोग इस मार्ग पर दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन प्रशासन की उदासीनता बनी हुई है.
नागरिकों ने मांग की है कि बरेठ रोड पर अतिक्रमण हटाने की स्थायी कार्रवाई की जाए, ताकि हादसों से राहत मिल सके और मार्ग सुरक्षित बन सके.
