जिला अस्पताल में आदिवासी महिला की मौत पर हंगामा, मंत्री के आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन

बैतूल।जिला अस्पताल में कथित डॉक्टर की लापरवाही से आदिवासी महिला की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। घटना से आक्रोशित आदिवासी संगठनों के कार्यकर्ता चार घंटे तक अस्पताल परिसर के बाहर सड़क पर धरने पर बैठे रहे। परिजन भी सात दिन की नवजात को गोद में लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के आने का इंतजार करते रहे। पोस्टमार्टम पूरा होने के बावजूद महिला का शव मरचुरी में ही रखा रहा।

जानकारी के अनुसार, चौपना क्षेत्र के ईमलीखेड़ा निवासी 25 वर्षीय समोती पति अमन मोचम ने 7 नवंबर को जिला अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया था। सामान्य प्रसव के बाद उन्हें 12 नवंबर को घर भेज दिया गया था। लेकिन शुक्रवार सुबह उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। शाम को परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों का आरोप है कि गंभीर स्थिति के बावजूद समय पर उचित उपचार नहीं मिला।

इसी दौरान प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल और वरिष्ठ अधिकारी जिले में भगवान बिरसा मुंडा जयंती कार्यक्रम में व्यस्त थे, जिसके चलते पीड़ित परिवार से मिलने में देरी हुई। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद मंत्री ने परिजनों और संगठनों की बात सुनी व मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने का आश्वासन दिया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान एक कोरे कागज पर अंगूठा लगवाया था। मंत्री ने इस कागज को जांच में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। आदिवासी संगठनों ने डॉक्टर पर अवैध वसूली और धमकाने की शिकायतें भी दर्ज कराईं। जिस पर मंत्री ने तत्काल कार्रवाई और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

संगठनों की यह मांग भी रही कि जांच पूरी होने तक डॉक्टर को ड्यूटी से निलंबित किया जाए, ताकि जांच प्रभावित न हो। मंत्री ने अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

आश्वासन के बाद आदिवासी संगठनों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। मृतिका का शव अंतिम संस्कार के लिए गांव भेज दिया गया है। वहीं पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की बात भी कही गई है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करेंगे।

Next Post

बीएचईएल में उत्साहपूर्वक मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस

Sat Nov 15 , 2025
भोपाल: बीएचईएल, भोपाल में शुक्रवार को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस बड़ी उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदीप कुमार उपाध्याय, महाप्रबंधक एवं यूनिट हेड, बीएचईएल भोपाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही टी.यू. सिंह, महाप्रबंधक (एचआर); अरिफ अहमद […]

You May Like