
उज्जैन। एकतरफा तनाव और रिश्तों में आई खामोशी ने शनिवार को दर्दनाक मोड़ ले लिया। नीलगंगा थाना क्षेत्र की बंगाली कॉलोनी में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के परिजनों के घर के बाहर खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। सीने में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान निखिल आहके के रूप में हुई है, जो सारणी का निवासी था। बताया जा रहा है कि उसका एक युवती से प्रेम संबंध था। युवती दो दिन पहले अपने जीजा के घर उज्जैन आई थी, लेकिन किसी कारणवश उसने निखिल से बातचीत बंद कर दी थी।
प्रेमिका से संपर्क न हो पाने के कारण निखिल मानसिक रूप से बेहद परेशान था। इसी बेचैनी में वह करीब 350 किलोमीटर का सफर स्कूटी से तय कर उज्जैन पहुंच गया। शनिवार शाम लगभग 5:30 से 6 बजे के बीच वह बंगाली कॉलोनी स्थित घर पहुंचा और युवती की बहन से कहा कि उसकी बहन उससे बात नहीं कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बातचीत के दौरान ही उसने अचानक खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है, जिसमें अवैध हथियार की उपलब्धता और घटना के पीछे की परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
