छतरपुर। छतरपुर नगर के थाना कोतवाली क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटना का पुलिस ने महज दो दिन में खुलासा कर दिया। फरियादी तुलसीदास प्रजापति निवासी छतरपुर की रिपोर्ट पर महोबा रोड से चोरी हुई मोटरसाइकिल की तलाश शुरू की गई थी। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को आरोपी की पहचान करने में सफलता मिली।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पीयूष उर्फ सचिन रजक पिता प्रमोद कुमार रजक निवासी सटई रोड छतरपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी से चोरी की गई होंडा शाइन मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, बरामद कर ली गई। जानकारी के अनुसार आरोपी पूर्व में भी छेड़छाड़ के अपराध में लिप्त रह चुका है।
नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविंद सिंह दांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। “चक्षु अभियान” के तहत लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरों ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर विवेचना शुरू कर दी है।
