बैतूल। पश्चिम वन मंडल कार्यालय में भोपाल लोकायुक्त की टीम ने रिश्वत के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 55 हजार रुपए की रिश्वत लेते दो कर्मचारियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में डीएफओ कार्यालय में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर माखनलाल पाल और सहायक ग्रेड-2 अजय सिंह तोमर शामिल हैं।
आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने वन रक्षक सुकांत पाठक से उनके खिलाफ लंबित विभागीय प्रकरण को खत्म कराने और पदोन्नति में आ रही बाधा दूर कराने के नाम पर 55 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद भोपाल लोकायुक्त ने मामले की पुष्टि की और ट्रैप की योजना बनाई।
निर्धारित कार्रवाई के दौरान जैसे ही शिकायतकर्ता ने दोनों कर्मचारियों को रिश्वत की रकम दी, लोकायुक्त टीम ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के पास से 500 रुपए के 110 नोट यानी कुल 55 हजार रुपए बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
