सिंगरौली: नगर निगम क्षेत्र के बिलौजी में आज सुबह वर्षों से जर्जर हालत में खड़ी एक बंद पड़ी पानी की टंकी का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। हादसे के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है तथा लोग प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यह पानी की टंकी वर्ष 1992 से उपयोग में नहीं है। लंबे समय से रखरखाव के अभाव में इसका ढांचा कमजोर हो चुका था। शनिवार सुबह टंकी का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।रहवासियों का कहना है कि टंकी में काफी समय से दरारें दिखाई दे रही थीं और इसके छोटे-छोटे हिस्से पहले भी गिर चुके थे।
इसके बावजूद संबंधित विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों का आरोप है कि नगर निगम और अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।घनी आबादी और मुख्य मार्ग के किनारे स्थित इस टंकी के आसपास मकान, दुकानें और बच्चों के खेलने के स्थान हैं। ऐसे में क्षेत्रवासियों ने टंकी का तत्काल सर्वे कराकर उसे ध्वस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासनिक कदमों की प्रतीक्षा में फिलहाल क्षेत्र के लोग दहशत में हैं।
