
भोपाल: बीएचईएल, भोपाल में शुक्रवार को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस बड़ी उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदीप कुमार उपाध्याय, महाप्रबंधक एवं यूनिट हेड, बीएचईएल भोपाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही टी.यू. सिंह, महाप्रबंधक (एचआर); अरिफ अहमद सिद्दीकी, अतिरिक्त महाप्रबंधक (एचआर); मनीष ठाकुर, बीएचईएल अनुसूचित जनजाति कर्मचारियों के संपर्क अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं टाउनशिप निवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत एक ऊर्जा से भरपूर पैदल रैली से हुई, जिसे उपाध्याय द्वारा बीएचईएल स्पोर्ट्स क्लब से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अपने संबोधन में उपाध्याय ने कहा कि बीएचईएल एक “मिनी-इंडिया” है, जहां विभिन्न समुदायों और क्षेत्रों से आए लोग सौहार्दपूर्वक काम करते हैं। उन्होंने कर्मचारियों को बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके आदर्शों को अपने कार्य और व्यवहार में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने बीएचईएल, भोपाल के जनजातीय कर्मचारियों की निष्ठा और समर्पण की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम की शुरुआत में सिंह ने जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हर वर्ष पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य के साथ होने वाले ये आयोजन जनजातीय समुदाय की समृद्ध विरासत और गौरव का प्रतीक हैं, जो इस बात को रेखांकित करते हैं कि व्यक्ति के कर्म ही उसकी सच्ची पहचान होते हैं।
स्पोर्ट्स क्लब से शुरू हुई रैली बीएचईएल नर्मदा गेस्ट हाउस तक पहुँची, जहाँ उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण किया।
कार्यक्रम का संचालन अविनाश राज, वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) ने किया।
