इंदौर: जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में तीन महिलाओं और युवतियों के लापता होने के मामले सामने आए हैं. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और बंधक बनाकर रखने की आशंका में प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.किशनगंज थाना क्षेत्र के महूगांव स्थित चिनार पार्क के सामने मैरिज गार्डन से एक महिला के लापता होने का मामला सामने आया है.
सावन गिरवाल उम्र 26 साल निवासी खरगोन हाल मुकाम महूगांव ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी 15 जुलाई की रात 10 बजे से 16 जुलाई सुबह 4 बजे के बीच कहीं चली गई. पति ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे छिपाकर बंधक बनाकर रखा है. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है. इसी तरह महू थाना क्षेत्र के हाट मैदान में रहने वाली 55 वर्षीय सुनीता कोशल ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी को सुबह करीब 4 बजे कोई अज्ञात व्यक्ति अपने साथ ले गया है.
आशंका है कि उसे बंधक बनाकर रखा है. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है. वहीं गौतमपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बारदाखेड़ी में रहने वाले 23 वर्षीय आनंद चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई कि रात करीब 10.30 बजे से सुबह 6 बजे के बीच कोई अज्ञात व्यक्ति पीड़िता को घर से ले गया. पुलिस ने अपहरण की आशंका में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.
