ग्वालियर:भिंड हाइवे को सिक्स लेन बनाए जाने की कथित मांग को लेकर एक बुलेट पर सवार दो युवकों ने टोल प्लाजा पर ताबड़तोड़ फायरिंग करके दहशत फैला दी। फायरिंग के बाद आरोपी टोल दफ्तर में एक पर्ची फेंककर गए हैं, जिसमें लिखा है “या तो हाइवे बनाओ या टोल हटाओ”। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। घटना महाराजपुरा थाना अंतर्गत बरेठा टोल प्लाजा की बताई जा रही है। टोल प्लाजा पर काम करने वाले सुपरवाइजर रोहित कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि भिंड की ओर से एक बुलेट पर सवार होकर दो लोग ग्वालियर की ओर गए हैं। जिनमें से एक ने टोल प्लाजा के दफ्तर में पिस्टल से ना सिर्फ अंधाधुंध फायरिंग की है, बल्कि एक पर्ची भी फेंककर गए हैं, जिसमें अक्षरशः लिखा है “या तो हाइवे बनाओ या टोल हटाओ,
फेंकी गई पर्ची में लिखा है, नेताओं को भले ही अपने फ्लैट बेचने पड़ें, इस हाइवे का काम अब चालू होना चाहिए, अगर कार्य चालू नहीं हुआ तो मैं इससे भी बड़ा कार्य करने को तैयार हूं, सरकार अंधी हो चुकी है। भिंड से ग्वालियर इस 80 किलोमीटर के इलाके में मौत के आंकड़े हद से पार हैं।” ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन टोल प्लाजा के दफ्तर में रखा कंप्यूटर व फर्नीचर जरूर क्षतिग्रस्त हो गया है।
