
बटियागढ़/दमोह.मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत बटियागढ़ ब्लॉक के ग्राम फुटेरा कला में चौकी प्रभारी आनंद कुमार ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की।चौकी प्रभारी ने बताया कि आजकल साइबर अपराधी फर्जी लिंक भेजकर, ओटीपी पूछकर, बैंक अधिकारी बनकर, डिजिटल अरेस्ट, निवेश, लोन, नौकरी और केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड नंबर, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को रोकने या वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति सचेत करें। पुलिस ने सभी को संदेश दिया कि “सोचें, समझें और फिर क्लिक करें”, क्योंकि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
