
कोलंबो, 16 सितंबर (वार्ता) श्रीलंका ने 2026 एशियाई खेलों में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। कप्तान चामरी अटापट्टू टीम की अगुवाई करेगी। टीम में हालिया एशिया कप अभियान की कई खिलाड़ी शामिल हैं, साथ ही कुछ बदलाव भी किए गए हैं। विष्मी गुणरत्ने, जिन्होंने आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप और एशिया कप के दौरान अहम योगदान देकर प्रभावित किया था, उन प्रमुख नामों में शामिल हैं जो टीम में नहीं हैं। नीलाक्षिका सिल्वा को भी टीम में जगह नहीं मिली है। आईसीसी की रिपोर्ट के अनुसार, चेतना विमुक्ति, जिन्हें एशिया कप के लिए श्रीलंका की टीम में वापस बुलाया गया था, एशियाई खेलों की टीम में शामिल नहीं हैं।
हालांकि, कुछ बेहतरीन युवा प्रतिभाओं के लिए भी जगह बनाई गई है। 17 वर्षीय चमुडी प्रबोदा, जिन्होंने एशिया कप के दौरान प्रभावित किया था, उन्हें टीम में शामिल किया गया है, साथ ही 19 वर्षीय रश्मिका सेववंडी को भी जगह मिली है। सेववंडी ने अपना आखिरी टी-20 मैच अगस्त में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था। टीम में अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिनमें इमेशा दुलानी, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, हसिनी परेरा, सुगंधिका कुमारी और अनुष्का संजीवनी शामिल हैं। श्रीलंका 18 सितंबर को मलेशिया के खिलाफ एशियाई खेलों में अपने अभियान की शुरुआत करेगा। श्रीलंका की टीम इस प्रकार है:- चामरी अटापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, संजना कविंडी, हंसिमा करुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, अनुष्का संजीवनी, कविशा दिलहारी, हसिनी परेरा, कौशिनी नुथ्यांगना, निमाशा मीपेज, सुगंधिका कुमारी, रश्मिका सेववंडी, चमुडी प्रबोदा, मिताली अयोध्या और काव्या कविंडी।
