सतना:जैतवारा थाना में परिसर में हवलदार को गोली मारने वाला गांव के आस पास ही घूम रहा है। पुलिस की दर्जन भर टीमें भी उसकी तलाश में जुटी हैं, लेकिन उसे पकडऩे में सफल नहीं रहीं। बुधवार की सुबह एक खबर आई और मेहुती में चर्चा रही कि आरोपी आदर्श उर्फ अच्छू ने गांव के ही एक कुशवाहा पर गोली चलाई है। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सोशल मीडिया में यह सूचना आते ही पुलिस के कान खड़े हुए और फिर मामले को दबाने के सफल प्रयास हो गए।
इस हंगामे के बीच पुलिस ने आरोपी को पीछा किया। कोटर थाना प्रभारी की टीम ने आरोपी को देखा और पीछा किया, लेकिन जब तक बैकअप फोर्स आता तब तक आरोपी पुलिस को चकमा देकर खेतों के रास्ते भाग निकला। इसके बाद रीवा जोन के डीआईजी और सतना एसपी जैतवारा थाना समेत मेहुती गांव के भ्रमण पर पहुंचे। डीआईजी ने यहां तैनात पुलिस पार्टियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।
आखिर प्रिंस ही क्यों?
आरोपी आदर्श शर्मा उर्फ अच्छू (20) का जैतवारा थाने में तैनात प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग के साथ क्या संबंध था? क्या वजह है कि प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को गोली मारी गई? जबकि घटनास्थल में प्रिंस गर्ग के अलावा अन्य पुलिसकर्मी भी रहते, खाते, सोते हैं। प्रिंस गर्ग ही आरोपी के निशाने पर थे या जल्दबाजी में आरोपी ने प्रिंस पर गोली दाग दी, निशाना कोई और था? आरोपी को गोली चलाने के लिए कट्टा कहां से मिला? क्या यह आरोपी पहले से ही कट्टा कारतूस रखता आया है? क्या यह आदतन अपराधी है? क्या इसका नाम पहले से थाने के रिकॉर्ड में बदमाशों की सूची में दर्ज है? यदि यह पूर्व से चिन्हित अपराधिक प्रवृत्ति का है तो थाने के परिसर में प्रवेश के दौरान संतरी या अन्य पुलिस कर्मी ने इसे रोका टोका क्यों नहीं और अगर यह पूर्व से चिन्हित अपराधी प्रवृत्ति का नहीं है, इसका थाने में कोई रिकॉर्ड नहीं है तो ऐसी क्या बड़ी वजह हो सकती है जिसके चलते इसने थाना परिसर के अंदर मौजूद पुलिस वाले को गोली मारने का साहस जुटा लिया।
कहां गायब था संतरी
नाइट ड्यूटी ऑफिसर/ दिवस अधिकारी और संतरी पहरा पुलिसकर्मी पर क्या कार्यवाही की गई? सबसे पहला सवाल तो संतरी से होना चाहिए कि ड्यूटी के समय वह कहां था? यदि वह अपनी पोस्ट पर था तो निश्चित ही आगंतुक को उसने देखा होगा। यदि देखा था तो क्या उससे थाना परिसर में आने का मकसद नहीं पूछा था? और यदि देखा ही नहीं था तो यह बड़ा सवाल है कि रात के वक्त ड्यूटी में तैनात संतरी पहरा देने की बजाय कहां था?
वर्जन…
थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया है, 30 हजार का इनाम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रखा है। सुबह पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी किया था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। आरोपी द्वारा मेहुती में गोली चलाने की सूचना हमारे पास नहीं है।
– आशुतोष गुप्ता, एसपी, सतना
