इंदौर: धार रोड पर चंदन नगर पुलिस की सजगता से गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा टल गया। पुलिस ने चेकिंग के दौरान अहमदाबाद जा रही बीटी ट्रेवल्स की बस के चालक को अत्यधिक नशे की हालत में पकड़ा। कार्रवाई के दौरान टीआई पर राजनैतिक दबाव डालने की कोशिश भी की गई, लेकिन पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए बस को जब्त कर यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से रवाना किया।
थाना प्रभारी तिलक सिंह करोले के नेतृत्व में ग्रीन पार्क कॉलोनी गेट पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान इंदौर से अहमदाबाद जा रही बस संख्या UP 15 HT 8357 को रोका गया। चालक की आंखों में लाली और उसके बात करने के तरीके से संदेह होने पर जब ‘ब्रथ एनालाइजर’ से जांच की गई, तो रीडिंग 250 mg आई। यह स्तर सामान्य से कई गुना अधिक है, जिसमें चालक का अपने शरीर और वाहन पर नियंत्रण रखना लगभग असंभव होता है।
दबाव दरकिनार, कानून का पालन सर्वोपरि
जैसे ही पुलिस ने बस को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की, रसूखदारों और राजनैतिक गलियारों से टीआई तिलक करोले पर दबाव डालने की कोशिश की गई। कई फोन घनघनाए, लेकिन टीआई ने स्पष्ट कर दिया कि “दर्जनों यात्रियों की जान से समझौता नहीं होगा।” उन्होंने किसी भी दबाव में आए बिना विधि सम्मत कार्रवाई जारी रखी और बस को थाने भिजवा दिया।
पुलिस की संवेदनशीलता: बीच राह नहीं छोड़ा यात्रियों को बस जब्त होने के बाद यात्री परेशान न हों, इसके लिए पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाया। टीआई ने सख्त निर्देश देकर बस ऑपरेटर से दूसरी बस और नए चालक का इंतजाम करवाया। पुलिस की मौजूदगी में सभी यात्रियों को दूसरी बस में शिफ्ट किया गया और उन्हें सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना किया गया। यात्रियों ने पुलिस की इस मुस्तैदी और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की।
सख्त संदेश: सुरक्षा से खिलवाड़ पर होगी जेल
टीआई तिलक करोले ने बताया कि नशे में धुत चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बस ऑपरेटरों को चेतावनी दी है कि चालक को बस सौंपने से पहले उसकी जांच करना उनकी जिम्मेदारी है। हाईवे पर यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा
