सिडनी, 18 जुलाई (वार्ता) पूर्वी ऑस्ट्रेलिया में लापता विमान का मलबा खोज लिया गया है लेकिन इसके चालक के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है।
अधीक्षक एंड्रयू स्पीलिएट ने बताया कि विमान पूरी तरह से नष्ट हो चुका है। इस विमान को 74 वर्षीय डेविड स्टीफंस चला रहे थे। उनके अलावा इस विमान में और कोई नहीं था। सिडनी के दक्षिण में स्थित एक स्थानीय हवाई अड्डे के लिए उन्होंने उड़ान भरी थी लेकिन जब वह वहाँ नहीं पहुँचे तो खोज अभियान शुरु किया गया। इस हल्के विमान के लिए मंगल वार से खोज अभियान चल रहा था।
न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने बताया कि इस एक इंजन वाले 1966 मॉडल बीच क्राफ्ट डेबनॉयर 35-C33 विमान का मलबा एक खोजी हेलिकॉप्टर ने गुरुवार शाम लगभग चार बजे खोज निकाला। यह क्षेत्र पहाडों से घिरा हुआ है और माना जा रहा है कि इस दुर्घटना में चालक के जीवित बचने की संभावना नहीं है।
