मुंबई, 18 जुलाई (वार्ता) देश के सबसे बड़े ऋणदाता भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को ग्लोबल फाइनेंस पत्रिका ने साल 2025 के लिए दुनिया का सर्वश्रेष्ठ उपभोक्ता बैंक चुना है।
बैंक ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। एसबीआई के चेयरमैन सी.एस. सेट्टी इस साल 18 अक्टूबर को आईएमएफ/विश्व बैंक की वार्षिक बैठक के दौरान एक कार्यक्रम में यह पुरस्कार ग्रहण करेंगे।
श्री सेट्टी ने इस उपलब्धि के लिए बैंक के ग्राहकों, समर्पित कर्मचारियों और अन्य हितधारकों को धन्यवाद दिया जिन्होंने बैंक पर भरोसा दिखाया है। उन्होंने कहा कि एसबीआई की विकास रणनीति में ग्राहक अनुभव केंद्रीय बिंदु है। बैंक में खाता खोलना आसान हो गया है, क्षेत्रीय भाषाओं में वॉयस बैंकिंग की सुविधा दी जा रही है और डिजिटल सहायता चौबीसों घंटे उपलब्ध कराई जा रही है। इन पहलों का उद्देश्य हर तरह के क्षेत्र में विशेषकर ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में ग्राहकों को बेहतर अनुभव प्रदान करना है।
वर्तमान में एसबीआई के 52 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं और यह देश का सबसे बड़ा बैंक है।
