भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने महान किसान नेता, स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चौधरी चरण सिंह का संपूर्ण जीवन किसान कल्याण, ग्रामीण भारत के पुनरुत्थान और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित, सादगी और ईमानदारी के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों और ग्रामीण समाज के उत्थान के लिए जो कार्य किए, वे देश के विकास में मील का पत्थर साबित हुए। उनकी नीतियां और विचार आज भी प्रासंगिक हैं तथा जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने केंद्रीय राज्य मंत्री एल मुरुगन को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि तिरुपति बालाजी सरकार की कृपा उन पर सदैव बनी रहे तथा उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन प्राप्त हो।
