इंदौर: इंदौर-देपालपुर फोरलेन सड़क की डीपीआर तैयार हो गई है. यह सड़क इंदौर से देपालपुर इंगोरिया फाटे पर मिलेगी. उक्त सड़क के दो बायपास होंगे, पहला यशवंत सागर और दूसरा देपालपुर. यह 47.5 किलोमीटर लंबी होगी.मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इंदौर देपालपुर फोर लेन सड़क बनाने की घोषणा की थी. उक्त सड़क मध्यप्रदेश सड़क विकास प्राधिकरण द्वारा बनाई जाएगी. सड़क की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार हो गई है. इसका प्रेजेंटेशन भी हो चुका है.
मामला सड़क निर्माण की लागत और जमीन अधिग्रहण पर अटका है. सूत्रों के अनुसार उक्त सड़क निर्माण के लिए तीन तहसील की करीब 1000 हैक्टेयर जमीन की जरूरत है. सर्वे चल रहा है, इससे पता लगेगा कि इंदौर देपालपुर रोड के लिए कितनी निजी और कितनी सरकारी जमीन आ रही है. उक्त 47.5 किलोमीटर सड़क प्रोजेक्ट के लिए करीब 15 से 20 छोटे बड़े गांव की जमीन आ रही है. एक अनुमान के अनुसार इंदौर देपालपुर सड़क निर्माण के लिए 22 सौ से 25 सौ करोड़ की लागत आंकी गई है.
इसमें निजी जमीन मालिकों को मुआवजा और निर्माण कार्य दोनों शामिल है. बताया जा रहा है कि मार्च के बाद उक्त सड़क के प्रस्ताव को नए साल के बजट में राशि का प्रावधान किए जाने की संभावना है. फिलहाल इंदौर देपालपुर सड़क की डीपीआर तैयार हो गई है और सिंहस्थ के पहले उक्त योजना शुरू हो जाती है तो उज्जैन जाने के लिए एक नया विकल्प ओर मिल जाएगा. एमपीआरडीसी के सूत्रों के अनुसार उज्जैन से देपालपुर दो लेन सड़क का काम चल रहा है. इंदौर देपालपुर मार्ग का बायपास इंगोरिया फाटे पर मिलेगा. यदि यह सड़क बन जाती है तो देपालपुर 30 मिनिट में पहुंच सकते है.
इंदौर से रतलाम के लिए नई सड़क
इंदौर-देपालपुर के आगे इंगोरिया बड़नगर होकर रतलाम जाने के लिए नई सड़क मिल जाएगी. इतना ही नहीं हाईवे से उज्जैन और इंदौर के बीच बड़नगर बड़ा सेंटर बन जाएगा. वहीं रतलाम से बड़नगर, गौतमपुरा होकर इंदौर आने का नया फोर लेन सड़क भी मिल जाएगा
