मुम्बई, 11 फरवरी (वार्ता) शेरफेन रदरफोर्ड (नाबाद 76) के 42 गेंदों में दो चौकों और सात छक्कों की मदद से सजे आतिशी अर्धशतक से वेस्ट इंडीज ने इंग्लैंड के खिलाफ टी 20 विश्व कप मुकाबले में बुधवार को छह विकेट पर 196 रन का मजबूत स्कोर बना लिया।
टॉस हारकर पहलेबल्लेबाजी करते हुए वेस्ट इंडीज की शुरुआत खराब रही और उसने आठ रन तक अपने दोनों ओपनर गंवा दिए। लेकिन शिमरॉन हेटमायर ने 23 और रोस्टन चेज ने 34 रन बनाकर वेस्ट इंडीज को संभाला। दोनों ने 28 गेंदों पर 47 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी के बाद दोनों कुछ रनों के अंतराल में आउट हुए। रदरफोर्ड ने फिर रोवमन पॉवेल के साथ टीम के स्कोर को 128 रन तक पहुंचाया। पॉवेल 14 रन बनाकर आउट हुए।
रदरफोर्ड को इसके बाद जैसन होल्डर के रूप में अच्छा जोड़ीदार मिला। दोनों ने जबरदस्त छक्के लगाते हुए टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। होल्डर 17 गेंदों में एक चौके और चार छक्कों की मदद से 33 रन बनाने के बाद आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए। रदरफोर्ड और होल्डर ने पांचवें विकेट की साझेदारी में 32 गेंदों पर 61 रन जोड़े। रदरफोर्ड ने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर विंडीज को 196 रन तक पहुंचाया।
