
देवास। जिले में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश से विवाद के बाद भाजपा नेता सहित तीन पर मामला दर्ज, किया गया है। न्यायाधीश द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि धनलक्ष्मी मैरिज गार्डन के पास सार्वजनिक मार्ग पर वाहन खड़ा कर रास्ता रोका गया, गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
नाहर दरवाजा थाना पुलिस ने इस मामले में भाजपा नेता पंकज धारू सहित तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की है।
वहीं, पंकज धारू ने आरोपों को निराधार बताते हुए दावा किया है कि एक दिन पूर्व एडीजे की गाड़ी से एक बच्चे को टक्कर लगी थी, जिससे वह घायल हो गया। उनका कहना है कि बच्चे के उपचार को लेकर चर्चा करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में समझौते के लिए फोन आया, लेकिन इसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
इधर बुधवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार सड़क किनारे बनाए गए टीन शेड और अन्य अवैध निर्माणों को लेकर पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस अवधि पूर्ण होने के बाद कार्रवाई की गई, जिसमें पंकज धारू से संबंधित निर्माण भी हटाया गया।
