
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 उपग्रह को ले जाने वाले एलवीएम3-एम6 रॉकेट के सफल प्रक्षेपण की सराहना करते हुए इसे भारत की अंतरिक्ष क्षेत्र में एक “गौरवशाली उपलब्धि” बताया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया में जारी एक संदेश में कहा, “अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की एक और महत्वपूर्ण प्रगति। एलवीएम3-एम6 का सफल प्रक्षेपण, जिसके माध्यम से भारतीय धरती से अब तक का सबसे भारी उपग्रह अमेरिका का ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 अपनी निर्धारित कक्षा में स्थापित किया गया है, भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक गौरवशाली उपलब्धि है।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “यह मिशन भारत की भारी वजन ले जाने वाले रॉकेटों की क्षमता को दर्शाता है और अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक प्रक्षेपण बाजार में हमारी बढ़ती साख का प्रतीक है। यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में हमारे प्रयासों का भी प्रतिबिंब है। हमारे परिश्रमी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बहुत-बहुत बधाई। भारत अंतरिक्ष की दुनिया में नई ऊंचाइयों को छूना जारी रखेगा!”
यह एलवीएम3-एम6 रॉकेट की छठी परिचालन उड़ान है और भारत के वाणिज्यिक अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण मोड़ है।
