मुम्बई, 11 फरवरी (वार्ता) शेरफेन रदरफोर्ड (नाबाद 76) के 42 गेंदों में दो चौकों और सात छक्कों की मदद से सजे आतिशी अर्धशतक और लेफ्ट आर्म स्पिनर गुडाकेश मोती (33 रन पर तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी से वेस्ट इंडीज ने इंग्लैंड को टी 20 विश्व कप मुकाबले में बुधवार को 30 रन से हराकर अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
वेस्ट इंडीज ने छह विकेट पर 196 रन का मजबूत स्कोर बनाने के बाद इंग्लैंड को 19 ओवर में 166 रन पर निपटा दिया। इंग्लैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की और सातवें ओवर तक एक विकेट खोकर 74 रन बना लिए थे लेकिन इसके बाद मोती के सामने उसकी पारी लड़खड़ा गयी और विकेट गंवाती चली गयी। वेस्ट इंडीज के स्पिनरों ने 12 ओवर में 94 रन देकर छह विकेट झटक लिए। फिलिप साल्ट ने 30, जोस बटलर ने 21 और जैकब बेथल ने 33 रन और कप्तान हैरी ब्रूक ने 17 बनाये। सैम करन ने एकतरफा संघर्ष करते हुए नाबाद 43 रन बनाये लेकिन इंग्लैंड की हार को नहीं रोक सके।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट इंडीज की शुरुआत खराब रही और उसने आठ रन तक अपने दोनों ओपनर गंवा दिए। लेकिन शिमरॉन हेटमायर ने 23 और रोस्टन चेज ने 34 रन बनाकर वेस्ट इंडीज को संभाला। दोनों ने 28 गेंदों पर 47 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी के बाद दोनों कुछ रनों के अंतराल में आउट हुए। रदरफोर्ड ने फिर रोवमन पॉवेल के साथ टीम के स्कोर को 128 रन तक पहुंचाया। पॉवेल 14 रन बनाकर आउट हुए।
रदरफोर्ड को इसके बाद जैसन होल्डर के रूप में अच्छा जोड़ीदार मिला। दोनों ने जबरदस्त छक्के लगाते हुए टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। होल्डर 17 गेंदों में एक चौके और चार छक्कों की मदद से 33 रन बनाने के बाद आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए। रदरफोर्ड और होल्डर ने पांचवें विकेट की साझेदारी में 32 गेंदों पर 61 रन जोड़े। रदरफोर्ड ने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर विंडीज को 196 रन तक पहुंचाया।
