मोदी से मिले एमेजॉन के सीईओ, पांच साल में 48 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा

नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) अमेरिकी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म एमेजॉन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एंडी जैसी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और अगले पांच साल में भारत में 48 अरब डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता जतायी। कंपनी ने अभी छह महीने पहले ही साल 2030 तक भारत में 35 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की थी। श्री मोदी से सीईओ की मुलाकात के बाद एमेजॉन ने यहां एआई और क्लाउड अवसंरचना के विस्तार एवं सपोर्ट के लिए साल 2030 तक अतिरिक्त 13 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की है। इस प्रकार पांच साल में कुल निवेश 48 अरब डॉलर होगा।

श्री मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैं भारत में एमेजॉन के रिकॉर्ड 48 अरब डॉलर के निवेश का स्वागत करता हूं। इससे युवाओं के लिए नये अवसर पैदा होंगे। साथ ही यह दिखाता है कि दुनिया भारत में निवेश के लिए उत्सुक है।” एमेजॉन द्वारा साल 2010 से 2030 के बीच देश में किया गया घोषित कुल निवेश 88 अरब डॉलर से अधिक है। उसने कहा है कि साल 2030 तक वह 38 लाख से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान कर चुकी होगी। इस दौरान उसके प्लेटफॉर्म से ई-कॉमर्स निर्यात 80 अरब डॉलर पार कर चुका होगा और डेढ़ करोड़ छोटे कारोबारियों तथा सरकारी स्कूलों के 40 लाख से अधिक छात्रों को एआई का लाभ मिलेगा।

कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 13 अरब डॉलर के अतिरिक्त निवेश से मुंबई और हैदराबाद की एडब्लूएस डेटा सेंटर क्षमता का विस्तार किया जायेगा। स्टार्टअप्स, उद्यम और सरकारी संगठनों को कस्टम एआई चिप, मैनेज्ड एआई सर्विस, सुरक्षित और भरोसेमंद क्लाउड प्रौद्योगिकी और डेवलपर टूल उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे उन्हें ज्यादा तेजी से नवाचार करने, विस्तार करने और पूरी दुनिया के ग्राहकों को सेवाएं देने में मदद मिलेगी। कंपनी भविष्य को देखते हुए टीयर-3 और टीयर-4 शहरों में कारोबार विस्तार पर ध्यान केंद्रित कर रही है। श्री जैसी ने कहा कि एमेजॉन को भारत में सेवा शुरू किये हुए एक दशक से अधिक हो चुका है। अब तक उसे शानदार प्रतिक्रिया मिली है। देश में एमेज़ॉन के विकास के साथ कारोबार की उसकी प्राथमिकताएं देश की प्राथमिकताओं के अनुरूप रही हैं। उन्होंने कहा, “आने वाले पांच साल में हम मांग पूरी करने के लिए देश में 48 अरब डॉलर से अधिक का निवेश करेंगे। इससे देश के इन लक्ष्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी। हम देश के विकास में लंबे समय तक अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

.....

Next Post

खाड़ी क्षेत्र से अमेरिकी सैन्य ठिकानों को खत्म किये जाने से ही हासिल हो सकती है वैश्विक उर्जा आपूर्ति की सुरक्षा : ईरान

Thu Jun 25 , 2026
नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) ईरान के तेल मंत्री मोहसिन पाकनेजाद ने कहा है कि पश्चिम एशिया में स्थायी स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा तभी हासिल की जा सकती है, जब क्षेत्र से विदेशी बलों की वापसी हो और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को खत्म किया जाए। श्री पाकनेजाद […]

You May Like