कांवड़ यात्रा पर पथराव के बाद बहोड़ापुर थाने पर हंगामा, इलाका छावनी में तब्दील

ग्वालियर। सावन के पवित्र महीने में भोले के भक्तों पर हुए हमले से शहर का माहौल गरमा गया। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में लधेड़ी क्षेत्र से जल भरने जा रहे कांवड़ यात्रियों से कुछ असामाजिक तत्वों का विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प और पथराव में बदल गया। घटना के विरोध में आक्रोशित कांवड़ियों और हिंदू संगठनों ने बहोड़ापुर थाने का घेराव कर चक्काजाम कर दिया।

क्या है पूरा मामला –

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार रात शिवभक्तों का एक जत्था जल भरने जा रहा था। जैसे ही जत्था बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के लधेड़ी से गुजर रहा था, तभी सड़क पर खड़े कुछ असामाजिक तत्वों से उनका मामूली टकराव हो गया। आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर कांवड़ियों पर अभद्र टिप्पणी की।

विरोध करने पर आरोपियों ने कंबड़ियों पर हमला बोल दिया और पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से कांवड़ यात्रा में अफरा-तफरी मच गई। इस मारपीट में कुछ कांवड़ियों को मामूली चोटें आई हैं। कांवड़ भी खंडित होने की सूचना है।

बहोड़ापुर थाने पर हंगामा,चक्काजाम –

घटना के बाद गुस्साए कांवड़ियों ने अपने साथियों के साथ बहोड़ापुर थाने पहुंचकर हंगामा कर दिया। सैकड़ों की संख्या में लोग थाने के सामने सड़क पर बैठ गए और चक्काजाम कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

चक्काजाम के कारण करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस बोली – दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान करने पुलिस जुट गई ।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

“कांवड़ियों के साथ मारपीट और पथराव की सूचना मिली थी। मामला दर्ज कर लिया गया है। शांति व्यवस्था कायम है, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।” –

आलोक परिहार
थाना प्रभारी, बहोड़ापुर

You May Like