ये कैसी भोपाल पुलिस खून से लथपथ युवती का न बयान दर्ज किया और न ही मेडिकल कराया

भोपाल: राजधानी के शाहजहांनाबाद इलाके में पुलिस की एक हैरान करने वाली और संवेदनहीन करतूत सामने आई है। एक लापता युवती, जो खून से लथपथ हालत में मिली, अपनी आपबीती सुनाने के लिए पिछले तीन दिनों से थाने के चक्कर काट रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस ने न तो उसकी शिकायत दर्ज की और न ही उसका मेडिकल परीक्षण कराया।पीड़िता के परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी का अपहरण कर उसके साथ बलात्कार किया गया और बुरी तरह से मारपीट की गई। उन्हें लगातार अपनी बेटी की जान का खतरा महसूस हो रहा है।

शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता 5 अप्रैल की सुबह अपने घर के पास से लापता हो गई थी। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन जब वह नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद, 5 अप्रैल की दोपहर करीब 1 बजे, युवती अपने घर के पास की एक मल्टी में खून से लथपथ हालत में एक कोने में बैठी रो रही थी। स्थानीय निवासियों ने जब उसे इस हालत में देखा और पूछा तो वह चिल्लाने लगी और घबरा गई। जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस युवती को ईदगाह हिल्स पुलिस चौकी ले गई। जहां एक महिला पुलिस अधिकारी ने उससे पूछताछ की। हालांकि, उस दौरान युवती किसी भी चीज को बताने की हालत में नहीं थी। पीड़िता के हाथों पर कट के निशान भी थे। आरोप है कि पुलिस ने तीन-चार घंटे पूछताछ के बाद बिना किसी मेडिकल जांच के उसे घर भेज दिया।

वहीं, शाहजहांनाबाद थाने के प्रभारी उमेश पाल सिंह का कहना है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है जिससे युवती का मेडिकल कराया जाए।

जब युवती के भाई घर लौटे और उन्होंने शिकायत दर्ज करवाने की मांग की, तो तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

खबर लिखे जाने तक, पीड़ित युवती अपने परिवार के साथ थाने में बैठी न्याय की गुहार लगा रही है और अधिकारियों से कार्रवाई की मांग कर रही है। भोपाल पुलिस की यह लापरवाही और असंवेदनशीलता न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि एक पीड़ित महिला को न्याय से वंचित करने का भी गंभीर मामला है।

Next Post

नपा ने पुराने बस स्टैंड मार्ग पर हो रहे अवैध निर्माण को रोका

Tue Apr 8 , 2025
सीधी।शहर के गांधी चौराहे से धर्मशाला पुराना बस स्टैण्ड के मुख्य मार्ग शेरे पंजाब होटल के सामने स्थित नजूल की भूमि में हो रहे अवैध निर्माण की शहरवासियों की शिकायत पर एसडीएम के निर्देश पर नपा प्रशासन ने जांच कर आज कार्यवाही करते हुए निर्माण पर रोंक लगा दी है। […]

You May Like