बाइक सवारों पर अज्ञात बदमाशों का हमला, 2 की मौत, 1 गंभीर

महू:मानपुर रोड पर बीती रात करीब 12.30 बजे विवाह समारोह से लौट रहे तीन युवकों पर जानापाव मुक्ति धाम के पास हुए हमले में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है.जानकारी के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर पुलिस घटना को सड़क दुर्घटना मान रही थी, लेकिन घटनास्थल से चाकू मिलने और घायल युवक के बयान ने मामले को नया मोड़ दे दिया. परिजनों ने आरोप लगाया कि यह महज एक्सीडेंट नहीं, बल्कि सुनियोजित हमला है. मृतकों की पहचान शैलेंद्र सिंघाड़े (30) निवासी ग्राम कुवाली और अतुल मकवाना (21) निवासी ग्राम जामली के रूप में हुई है, जबकि बलराम नामक युवक गंभीर घायल है, जिसे इलाज के लिए महू के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

परिजनों के अनुसार तीनों युवक अपने मित्र के विवाह समारोह से दो अलग-अलग मोटर साइकिलों से लौट रहे थे. इसी दौरान जानापाव के पास 5 से 6 अज्ञात युवक दोपहिया वाहनों पर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि बलराम के पैर पर चाकू से वार किए गए, जबकि अतुल के सीने पर वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मानपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शैलेंद्र और अतुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि बलराम की हालत गंभीर होने पर उसे महू रेफर किया गया.
सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से होगी सच्चाई उजागर
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज इस पूरे मामले की सच्चाई उजागर कर सकती है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फुटेज खंगाले जा रहे हैं. शुरुआत में इसे सड़क दुर्घटना मानकर कार्रवाई की जा रही थी, लेकिन परिजनों के आरोप और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए महू सिविल अस्पताल भेज दिया है और अब मामले के हर एंगल से जांच की जा रही है.
घायल बोला… सुनियोजित था हमला
घटना में नया मोड़ तब आया, जब घायल बलराम ने बुधवार सुबह पुलिस को दिए बयान में इसे सुनियोजित हमला बताया. बलराम के अनुसार, वह अपने दोस्तों के साथ बाइक से लौट रहा था, तभी कुछ अज्ञात युवक उनकी मोटरसाइकिल के सामने बाइक लगाकर खड़े हो गए और बदतमीजी करने लगे. विरोध करने पर आरोपियों ने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया. इस बयान के बाद मामला साधारण एक्सीडेंट की बजाय डबल मर्डर की दिशा में पहुंच गया है, जिससे पुलिस की जांच और भी गंभीर हो गई है.

Next Post

तीन दिन की यात्रा पर पांच मई को भारत आएंगे वियतनाम के राष्ट्रपति

Thu Apr 30 , 2026
नयी दिल्ली 30 अप्रैल (वार्ता) वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम पांच मई को भारत की तीन दिन की राजकीय यात्रा पर आएंगे। वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव टो लाम की यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही है। उनके साथ वियतनाम सरकार के […]

You May Like