ऑनलाइन मैट्रिमोनी साइट पर रिश्ता खोजने से पहले जान लें फायदे और खतरे, भरोसा करने में न करें जल्दबाजी
शादी के लिए जीवनसाथी की तलाश अब सिर्फ रिश्तेदारों, परिचितों या समाज तक सीमित नहीं रह गई है। इंटरनेट और मैट्रिमोनी साइट्स ने इस तलाश को आसान बना दिया है। अब घर बैठे अपनी पसंद, उम्र, शिक्षा, नौकरी और शहर के आधार पर हजारों प्रोफाइल देखी जा सकती हैं। एक क्लिक में किसी से बातचीत शुरू हो सकती है, लेकिन क्या ऑनलाइन मिली प्रोफाइल पर भरोसा करके जीवन का सबसे बड़ा फैसला लेना सही है?
दरअसल, मैट्रिमोनी साइट किसी संभावित जीवनसाथी से परिचय का माध्यम है, भरोसे की गारंटी नहीं। यहां अच्छे रिश्तों के साथ फर्जी प्रोफाइल और शादी के नाम पर धोखाधड़ी के मामले भी सामने आते हैं। इसलिए ऑनलाइन रिश्ता तलाशने के दौरान उत्साह के साथ सतर्कता भी जरूरी है।
दो कहानियां, ऑनलाइन रिश्तों की दो अलग तस्वीरें
पहला मामला: उम्र बनी रुकावट, ऑनलाइन मिला जीवनसाथी
पुणे की 34 वर्षीय शिक्षिका नेहा को पारंपरिक रिश्तेदारी के माध्यम से लंबे समय तक कोई उपयुक्त रिश्ता नहीं मिल पाया। इसकी एक वजह उनकी उम्र भी थी। इसके बाद उन्होंने एक मैट्रिमोनी साइट पर खुद अपनी प्रोफाइल बनाई। पसंद के अनुसार फिल्टर लगाकर तीन संभावित रिश्ते चुने। करीब दो महीने तक बातचीत और मुलाकातों के बाद एक रिश्ता तय हो गया। परिवार ने शादी से पहले नौकरी और जरूरी दस्तावेजों की भी जांच कराई।
दूसरा मामला: विदेश में नौकरी का झांसा देकर 80 हजार की ठगी
लखनऊ की रीना को लंदन में रहने वाले एक डॉक्टर की प्रोफाइल पसंद आई। करीब एक महीने तक बातचीत हुई। इस दौरान आरोपी ने भरोसा जीतने के बाद बताया कि उसने रीना के लिए उपहार भेजा है, लेकिन पार्सल सीमा शुल्क में फंस गया है। उसे छुड़ाने के लिए पैसों की जरूरत है। भावनात्मक भरोसे में आकर रीना ने 80 हजार रुपये भेज दिए। अगले ही दिन संबंधित प्रोफाइल गायब हो गई।
ये दोनों उदाहरण बताते हैं कि ऑनलाइन मैट्रिमोनी प्लेटफॉर्म पर अच्छे रिश्तों की संभावनाएं भी हैं और धोखाधड़ी का खतरा भी। अंतर सिर्फ सही जांच और सावधानी का है।
मैट्रिमोनी साइट के फायदे: घर बैठे तलाश सकते हैं पसंद का रिश्ता
ऑनलाइन मैट्रिमोनी प्लेटफॉर्म का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यहां रिश्तों का दायरा बढ़ जाता है। अब किसी एक शहर, समुदाय या रिश्तेदारी तक सीमित रहने की जरूरत नहीं है।
- ज्यादा विकल्प: देश और विदेश में रहने वाले संभावित जीवनसाथियों की प्रोफाइल देख सकते हैं।
- पसंद के फिल्टर: उम्र, शिक्षा, पेशा, खानपान और स्थान के आधार पर रिश्ते खोज सकते हैं।
- खुद फैसला लेने की सुविधा: लड़के और लड़कियां अपनी पसंद और अपेक्षाएं सीधे सामने रख सकते हैं।
- विशेष श्रेणियां: तलाकशुदा, विधवा और विधुर लोगों के लिए भी उपयुक्त रिश्ते तलाशने के विकल्प मिलते हैं।
- समय की बचत: बार-बार परिचितों और रिश्तेदारों के माध्यम से जानकारी जुटाने की जरूरत कम होती है।
ऑनलाइन रिश्तों के खतरे: हर प्रोफाइल पर न करें भरोसा
मैट्रिमोनी साइट पर दिखाई देने वाली हर जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं है। कई बार लोग अपनी उम्र, नौकरी, आय और वैवाहिक स्थिति से जुड़ी गलत जानकारी देते हैं।
कुछ लोग दूसरे व्यक्ति की तस्वीरों का इस्तेमाल करके फर्जी प्रोफाइल बनाते हैं। वहीं, शादी का भरोसा जीतकर पैसे मांगने वाले साइबर ठग भी सक्रिय रहते हैं। वे विदेश में नौकरी, महंगे उपहार, आपातकालीन इलाज या निवेश का बहाना बनाकर रकम मांग सकते हैं।
ध्यान रखें कि किसी प्रोफाइल पर सत्यापित होने का निशान होना भी पूरी तरह सुरक्षित होने की गारंटी नहीं है।
ज्यादा विकल्प भी बन सकते हैं परेशानी की वजह
ऑनलाइन रिश्तों की दुनिया में एक मनोवैज्ञानिक समस्या भी सामने आती है। जब किसी व्यक्ति के सामने सैकड़ों प्रोफाइल होती हैं, तो वह हर नए विकल्प की तुलना पहले से देखे गए रिश्तों से करने लगता है।
किसी की नौकरी अच्छी लगती है तो किसी की शिक्षा, किसी का परिवार पसंद आता है तो किसी की जीवनशैली। इस तरह हर प्रोफाइल में कोई न कोई कमी नजर आने लगती है और बेहतर विकल्प की तलाश में सही रिश्ते पर फैसला टलता रहता है।
इसलिए जीवनसाथी चुनते समय सिर्फ प्रोफाइल की खूबियों की तुलना करने के बजाय आपसी समझ, व्यवहार, विचारों और भविष्य की अपेक्षाओं को प्राथमिकता दें।
मैट्रिमोनी साइट पर फर्जी प्रोफाइल की पहचान कैसे करें?
ऑनलाइन रिश्ता तय करने से पहले कुछ जरूरी जांच करना बेहद महत्वपूर्ण है।
1. तस्वीर की जांच करें: प्रोफाइल में लगी तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च के जरिए जांचें। इससे पता चल सकता है कि तस्वीर कहीं दूसरी वेबसाइट या प्रोफाइल पर तो इस्तेमाल नहीं की गई है।
2. वीडियो कॉल जरूर करें: केवल चैट और फोन पर बातचीत के आधार पर भरोसा न करें। सामने वाले से वीडियो कॉल पर बात करें और उसकी पहचान को समझने की कोशिश करें।
3. पैसों की मांग पर रहें सतर्क: उपहार, पार्सल, वीजा, इलाज या किसी आपात स्थिति के नाम पर पैसे मांगे जाएं तो रकम बिल्कुल न भेजें।
4. नौकरी और शिक्षा की पुष्टि करें: सामने वाले के बताए संस्थान, कंपनी और शैक्षणिक योग्यता की जानकारी स्वतंत्र रूप से जांचें। जरूरत पड़ने पर साझा परिचितों की मदद लें।
5. वैवाहिक स्थिति की जानकारी लें: पहले से शादीशुदा होने, तलाक या बच्चों से जुड़ी जानकारी छिपाई तो नहीं जा रही, इसकी पुष्टि करें।
6. निजी दस्तावेज साझा न करें: आधार कार्ड, बैंक विवरण, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य संवेदनशील जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न दें।
7. पहली मुलाकात सार्वजनिक जगह पर करें: पहली मुलाकात किसी सार्वजनिक स्थान पर रखें और अपने परिवार या भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी जरूर दें।

