
सीधी।शहर के गांधी चौराहे से धर्मशाला पुराना बस स्टैण्ड के मुख्य मार्ग शेरे पंजाब होटल के सामने स्थित नजूल की भूमि में हो रहे अवैध निर्माण की शहरवासियों की शिकायत पर एसडीएम के निर्देश पर नपा प्रशासन ने जांच कर आज कार्यवाही करते हुए निर्माण पर रोंक लगा दी है। नगर पालिका परिषद सीधी के वार्ड क्रमांक 5 अन्तर्गत
कोटहा तहसील गोपदबनास जिला सीधी की शासकीय नजूल भूमि क्रमांक 78 जो सीधी गाँधी चौराहे से बस स्टैण्ड रोड से लगे पश्चिमी भू-भाग जो धर्मशाला की ओर जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे स्थित शासकीय नजूल भूमि को नर्वदा प्रसाद गुप्ता द्वारा कुछ भाग पर अवैध निर्माण किया गया है जिसे हटाने के लिये नगर पालिका सीधी द्वारा कई वार नोटिस जारी की गई थी, जिस पर उक्त अवैध मकान का आधा भाग गिरा कर पुनः पर्दे के अन्दर चोरी-छिपे तौर पर कई पक्के पिलरों का निर्माण तेज गति से कराया जा रहा है यदि तत्काल उक्त निर्माण कार्य पर रोक लगाते हुये अतिक्रमण नही हटवाया गया तो शीघ्र पक्का मकान बन कर मुख्य सड़क से लगी व्यस्त बाजार के अन्दर स्थित शासकीय नजूल भूमि का अतिक्रमण स्थाई रूप से कर लिया जायेगा जिससे शासकीय सम्पत्ति की क्षति होने के साथ उक्त भीड़-भाड़ वाले स्थान में आम नागरिकों को काफी असुविधा झेलनी पड़ेगी क्योंकि उसी स्थान से लगी मुख्य सड़क से धर्मशाला, आजाद नगर, बस स्टैण्ड, वाई पास जाने हेतु रोड स्थित है, जहाँ पर जाम की स्थिति उक्त अतिक्रमण से बनी रहती है। एसडीएम गोपद बनास सहित तहसीलदार नजूल सीधी , तहसीलदार गोपद बनास मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद सीधी से लिखित शिकायत कर अवैध निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाते हुये अतिक्रमण हटवा कर शासकीय नजूल भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराये जाने की मांग की गई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम गोपद बनास के निर्देश पर नगर पालिका परिषद सीधी राजस्व प्रभारी आलोक सिंह द्वारा नपा प्रशासन के राजस्व अमले से मौके की जांच करा बिना अनुमति के हो रहे अवैध निर्माण पर रोंक लगवा दी गई है।
इनका कहना है
नजूल की भूमि में अवैध निर्माण की शिकायत पर तहसीलदार नजूल सीधी, तहसीलदार गोपद बनास एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी नपा सीधी को जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिये गये हैं। इसके अलावा नजूल की भूमि में उक्त अवैध निर्माण पर रोंक लगाने स्टे आदेश भी जल्द जारी किया जाएगा।
नीलेश शर्मा
एसडीएम,गोपद बनास सीधी
इनका कहना है
नगर पालिका परिषद सीधी की बिना अनुमति बन रहे भवन के अवैध निर्माण की शिकायत की जांच कर निर्माण पर रोक लगा दी गई है।
आलोक सिंह, राजस्व प्रभारी, नपा सीधी
