संविधान की दुहाई देने वाले संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट कर देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं: भाजपा

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सोमवार को आरोप लगाया कि संविधान की दुहाई देने वाले इंडिया गठबंधन के नेता देश की संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट कर देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं।

श्री प्रधान ने यहां भाजपा मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता मतदाता सूची को लेकर शोरशराबा करके इसमें घुसपैठियों को शामिल करवाकर उन्हें अपना वोट बैंक बनाना चाहते हैं। ये लोग सिर्फ वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “ राहुल गांधी और उनका दल, इंडिया गठबंधन के लोग, विशेषकर कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी, जो आये दिन संविधान की दुहाई देते हैं। इन दिनों देश देख रहा है कि सबसे ज्यादा संविधान विरोधी काम अगर कोई कर रहा है, तो उसके सरगना भी राहुल गांधी ही हैं। ”

श्री प्रधान ने कहा,“ कांग्रेस पहले इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को लेकर झूठ बोलती है, कभी महाराष्ट्र की बात उठाते हैं, कभी हरियाणा की बात उठाते हैं, वे हर रोज झूठ का एक नया पहाड़ बनाते हैं। ”

उन्होंने कहा कि 2014, 2019 और 2024 में और उनके बीच अनेक राज्यों में निरंतर पराजय के कारण कांग्रेस दिवालियेपन की स्थिति में पहुंच चुकी है। पिछले दो-तीन दिनों में जो वाद-विवाद हुआ, उस पर भारतीय मीडिया ने फैक्ट चेक करके श्री गांधी के हर एक झूठ का प्रमाण के आधार पर बेनकाब किया है।

कांग्रेस और विपक्ष के पास केवल वोट बैंक की राजनीति ही बची है। घुसपैठियों को मतदाता बनाकर वे अपनी राजनीतिक रोटी सेंकना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “ चुनाव आयोग ने एक संवैधानिक और निष्पक्ष व्यवस्था होने के नाते जब इनको सही बात बतायी, तो ये चुनाव आयोग को भी ध्वस्त करने के लिए कहते हैं। ये कहते हैं कि हम एटम बम गिराएंगे, चुनाव आयोग बिखर जाएगा।”

Next Post

मोदी ने किया सांसदों के लिए नए फ्लैटस का उद्घाटन

Mon Aug 11 , 2025
नयी दिल्ली 11 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित सांसदों के लिए नए फ्लैट्स का उद्घाटन किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर श्री मोदी ने दीप प्रज्जवलित कर नए फ्लैट्स का उद्घाटन कर देश के जनप्रतिनिधियों को समर्पित किया। इस कार्यक्रम […]

You May Like