सूर्यवंशी-साकिब को घरेलू मैदान में देखने से वंचित रह जाएंगे बिहार के फ़ैंस

पटना, 07 जुलाई (वार्ता) बिहार क्रिकेट के लिए यह बहुत ही ऐतिहासिक समय चल रहा है। जहां 15 साल की ही उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करके वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रचा है, वहीं साकिब हुसैन ने आईपीएल 2026 में बेहतरीन प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी तरफ़ आकर्षित किया है। यह दोनों खिलाड़ी, ख़ासकर वंडर-ब्वॉय सूर्यवंशी को अब हर कोई खेलते देखना चाहता है।

हालांकि इस घरेलू सीज़न के दौरान बिहार के क्रिकेट फ़ैंस अपनी राज्य की इन प्रतिभाओं को खेलता देखने से वंचित रह सकते हैं। दरअसल बिहार के घरेलू रणजी ट्रॉफ़ी मैच नियमित तौर पर आयोजित करने वाले मोईन-उल-हक़ स्टेडियम का पुनर्निर्माण चल रहा है और इस सीज़न के मैच पटना की बजाय राजधानी से 100 किलोमीटर दूर राजगीर में बन रहे नए स्टेडियम में आयोजित किए जा सकते हैं।

लेकिन अगर राजगीर में भी ये मैच होंगे, तो वहां भी दर्शकों के प्रवेश की अनुमति नहीं रहेगी। ग़ौरतलब है कि बिहार के दर्शक क्रिकेट के प्रति बहुत जुनूनी है और पिछले सीज़न जब मुंबई क्रिकेट टीम रणजी मुक़ाबला खेलने पटना आई थी, तो बदहाल पड़े मोईन-उल-हक़ स्टेडियम में भी दर्शक अपने पसंदीदा क्रिकेट खिलाड़ियों को खेलते देखने सैकड़ों की संख्या में आए थे।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के सचिव ज़ियाउल आरिफ़ीन ने बताया कि फ़िलहाल दो विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। पहला, राजगीर में बन रहे नए अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम में रणजी मुक़ाबले आयोजित किए जाएं। दूसरा, अगर सरकार से अनुमति नहीं मिलती है तो मोईन-उल-हक़ स्टेडियम में भी बिना दर्शकों के मैच कराए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा, “हमारी पहली कोशिश यही है कि इस बार बिहार के घरेलू रणजी मुक़ाबले राजगीर में कराए जाएं। इसके लिए हमने बिहार सरकार से अनुमति मांगी है और हमें सकारात्मक जवाब मिलने की उम्मीद है। हालांकि मोईन-उल-हक़ की पिच और मैदान पूरी तरह सुरक्षित हैं। अगर राजगीर के लिए अनुमति नहीं मिलती है तो पटना में बिना दर्शकों के भी मैच कराए जा सकते हैं।”

बिहार इस बार रणजी ट्रॉफ़ी के एलीट ग्रुप का हिस्सा है और उसे तीन घरेलू मुक़ाबलों की मेज़बानी करनी है। पटना से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित राजगीर क्रिकेट स्टेडियम अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है। स्टेडियम का पवेलियन, प्लेयर्स लॉन्ज, आउटफ़ील्ड और अन्य प्रमुख सुविधाएं अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप लगभग तैयार हैं। पिच भी बीसीसीआई द्वारा नियुक्त क्यूरेटर की निगरानी में तैयार की जा रही है। हालांकि दर्शकों के बैठने के लिए स्टैंड्स का निर्माण अभी जारी है। फ़िलहाल पवेलियन की तरफ़ का एक स्टैंड तैयार हो चुका है, जबकि बाक़ी हिस्सों में काम जारी है।

आरिफ़ीन ने कहा, “राजगीर स्टेडियम अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है। दर्शक दीर्घा का निर्माण जारी है और फ़िलहाल बिहार सरकार हमें केवल मैदान और पवेलियन उपलब्ध करा पाएगी। ऐसे में इस सीज़न दर्शकों के लिए स्टेडियम खोल पाना मुश्किल दिखाई दे रहा है।”

हालांकि अगर सब कुछ योजना के मुताबिक़ रहा तो बिहार का नया क्रिकेट पता पहली बार राजगीर बन सकता है। हालांकि इस ऐतिहासिक बदलाव के बावजूद राज्य के क्रिकेट प्रेमियों को मैदान पर न आने का मलाल ज़रूर रहेगा।

 

Next Post

होर्मुज जलडमरूमध्य में फिर वाणिज्यिक जहाजों पर हमला, अमेरिका-ईरान वार्ता गतिरोध में

Tue Jul 7 , 2026
वाशिंगटन/तेहरान, 07 जुलाई (वार्ता) होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे दो वाणिज्यिक टैंकरों पर मंगलवार तड़के हमला होने के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया। दोनों देशों ने घटना को लेकर अलग-अलग दावे किये हैं, जबकि क्षेत्र की समुद्री सुरक्षा को लेकर दोनों के बीच […]

You May Like