मुंबई, 14 अक्टूबर (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ का वर्ल्ड टीवी प्रीमियर 18 अक्टूबर को शाम सात बजे स्टार गोल्ड पर होगा।दशहरे के अवसर पर दर्शक इस फिल्म का आनंद घर बैठे ले सकेंगे। फिल्म का प्रीमियर फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म ‘धुरंधर’ के शानदार टेलीविजन प्रदर्शन के बाद हो रहा है, जिसने महज चार घंटे में 5.3 करोड़ दर्शकों तक पहुंच बनाई थी। जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले निर्मित ‘धुरंधर द रिवेंज’ के लेखक, निर्देशक और निर्माता आदित्य धर हैं। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत शाश्वत सचदेव ने तैयार किया है। इसका निर्माण ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर ने किया है।
जियोस्टार के प्रवक्ता ने कहा कि ‘धुरंधर’ के टेलीविजन प्रीमियर को दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। ‘धुरंधर द रिवेंज’ के जरिए फ्रेंचाइजी का अगला अध्याय देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने को लेकर कंपनी उत्साहित है। उन्होंने कहा कि एक्शन, ड्रामा और दमदार अभिनय से भरपूर यह फिल्म दर्शकों को बड़े पर्दे जैसा अनुभव देने का प्रयास करेगी।
पहली फिल्म की सफलता के बाद ‘धुरंधर द रिवेंज’ में एक्शन, साजिश और रोमांच को बड़े स्तर पर पेश किया गया है। फिल्म का वर्ल्ड टीवी प्रीमियर 18 अक्टूबर को शाम सात बजे सिर्फ स्टार गोल्ड पर होगा।

