दक्षिण अफ्रीका प्रो-20 मैच में चैड लेकॉक ने एक ही ओवर में पांच विकेट लेकर बनाया रिकॉर्ड

केप टाउन, 14 अक्टूबर (वार्ता) सीएसए प्रो20 कप में मंगलवार को केजेडएन इनलैंड के तेज गेंदबाज चैड लेकॉक ने टाइटंस के खिलाफ एक ही ओवर में पांच विकेट झटके। इसी के साथ वह दक्षिण अफ्रीका के टी-20 क्रिकेट में यह कारनामा करने वाले पहले गेंदबाज बन गए। लेकॉक ने मैच में 26 रन देकर छह विकेट लिए जो कि उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा भी है। इस दौरान उन्होंने लगातार चार गेंदों पर विकेट हासिल किए जो कि एक और दक्षिण अफ्रीकी टी-20 रिकॉर्ड है। पूर्ण सदस्य टीमों से टी-20 में यह कारनामा इससे पहले लसित मलिंगा, राशिद ख़ान, कर्टिस कैम्फ़र और जेसन होल्डर कर चुके हैं।

लेकॉक का यह गेंदबाजी आंकड़ा सीएसए प्रो20 कप के इतिहास में भी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी आंकड़ा है और ऐसा करते हुए उन्होंने 2014 में ब्यूरन हेंड्रिक्स द्वारा 29 रन देकर लिए छह विकेट के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया। टाइटंस की पारी के 19वें ओवर में लेकॉक ने यह रिकॉर्ड बनाया। सबसे पहले लेकॉक ने लुईस डु प्लॉय का विकेट हासिल किया। इसके बाद उन्होंने दय्यान गैलियम, अफ़िवे मन्यांडा, जैंको स्मिट और एसोसा आइहेव्बा को लगातार चार गेंदों पर आउट किया। इन पांच विकेटों के चलते एक समय पर 193 पर चार के स्कोर पर मौजूद टाइटंस अपनी पारी में कुल 204 रन ही बना पाई।
इससे पहले लेकॉक ने लुहान-ड्रे प्रेटोरियस के रूप में केजेडएन इनलैंड को नौवें ओवर में पहली सफलता दिलाई थी। प्रेटोरियस ने 36 गेंदें खेलकर 81 रन बनाए और पहले विकेट के लिए उन्होंने 112 रनों की साझेदारी भी की।

लेकॉक के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बावजूद केजेडएन इनलैंड को यह मुक़ाबला 21 रनों से हारना पड़ा। 205 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केजेडएन इनलैंड की टीम छह विकेट के नुक़सान पर 183 रन ही बना पाई, जिसमें लेकॉक के नाबाद 31 रन शामिल थे। पुरुष टी-20 क्रिकेट में लेकॉक एक ही ओवर में पांच विकेट हासिल करने वाले चौथे गेंदबाज़ हैं। इससे पहले बांग्लादेश के अल-अमीन हुसैन, भारत के अभिमन्यु मिथुन और इंडोनेशिया के गेडे प्रियांदाना ऐसा कर चुके हैं। पुरुष या महिला दोनों के ही क्रिकेट में प्रियांदाना एकमात्र ऐसे गेंदबाज़ हैं जिन्होंने T20I में यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने दिसंबर 2025 में कम्बोडिया के ख़िलाफ़ यह कारनामा किया था। अल-अमीन ने यह उपलब्धि 2013-14 में विक्ट्री डे टी-20 कप में अबाहानी लिमिटेड के खिलाफ यूसीबी-बीसीबी इलेवन के लिए खेलते हुए हासिल की थी। जबकि मिथुन ने 2019-20 के सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी में हरियाणा के ख़िलाफ़ कर्नाटक के लिए खेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की थी।

.....

Next Post

सिंहस्थ पर्व को लेकर किए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के लिए कलेक्टर खंडवा ने ओंकारेश्वर का दौरा किया

Wed Oct 14 , 2026
कलेक्टर खंडवा ऋषभ गुप्ता बुधवार को ओंकारेश्वर आए ओंकारेश्वर में सिंहस्थ के मद्दे नजर किए जा रहे निर्माण कार्यों निरीक्षण किया मौके पर जाकर समीक्षा की और निर्देशित किया कलेक्टर महोदय के साथ पुलिस अधीक्षक अगम जैन एसडीएम पंकज वर्मा तहसीलदार उदय मंडलोई सीएमओ मोनिका पारदी एवंके कार्यों अन्य अधिकारी […]

You May Like

Play sound