इंदौर: लोकमाता मां अहिल्याबाई होलकर उत्सव 2026 के अवसर पर ऐतिहासिक गांधी हॉल में नगर निगम इंदौर एवं संस्था अवाम भारत के संयुक्त तत्वावधान में विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, भाजपा इंदौर संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत एवं महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया.
इस अवसर पर विधायक गोलू शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कलाकार, फोटोग्राफर एवं नागरिक उपस्थित रहे. प्रदर्शनी में इंदौर की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक विरासत को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे अतिथियों ने सराहा और नई पीढ़ी को लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों से जोड़ने वाला प्रयास बताया. प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए आगामी तीन दिनों तक खुली रहेगी. कार्यक्रम के दौरान हमारा इंदौर फोटोग्राफी प्रतियोगिता के परिणामों की भी घोषणा की गई, जिसमें शहर की स्वच्छता, विकास, संस्कृति और विरासत को कैमरे में कैद करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया.
इनको किया प्रदर्शित
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार कुलदीप केलवा, द्वितीय राशि जैन तथा तृतीय अंशुल वर्मा को प्रदान किया गया. इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे. प्रदर्शनी में प्रदर्शित छायाचित्रों ने इंदौर की स्वच्छता, धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और विकास यात्रा की झलक प्रस्तुत की.
