इंदौर: किशनगंज थाना क्षेत्र में दूल्हे का हवाई फायर करते हुए वायरल हुआ वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो तत्काल टीम गांव पहुंची. जांच में सामने आया कि इस्तेमाल की गई राइफल असली नहीं, बल्कि सिर्फ आवाज निकालने वाली थी, जिसे खेतों में जानवर व पक्षी भगाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है.पिछले दिनों सोशल मीडिया पर ग्राम भैंसलाय का एक वीडियो तेजी से फैल रहा था, जिसमें दूल्हा कुलदीप ठाकुर घोड़ी पर बैठकर हवाई फायर करता नजर आ रहा था.
मामला संज्ञान में आते ही किशनगंज पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर वीडियो में दिख रहे युवक कुलदीप ठाकुर पिता महेश ठाकुर, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम भैंसलाय से राइफल जब्त की. पुलिस ने राइफल के दस्तावेज और उपयोग संबंधी जानकारी पूछी तो कुलदीप ने बताया कि यह चिड़िया और जानवर भगाने वाली आवाज़ वाली राइफल है, जिसे खेतों में उपयोग किया जाता है.
पुलिस टीम ने जब्त हथियार का परीक्षण कराया तो पुष्टि हुई कि यह कोई फायर आर्म नहीं है, बल्कि केवल आवाज उत्पन्न करने वाली बंदूक है. पुलिस ने प्रारंभिक जांच में यह भी साफ किया है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा हवाई फायर इसी आवाज़ वाली राइफल से किया था और इसमें किसी प्रकार की घातक गोलीबारी शामिल नहीं थी. पुलिस आगे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया कर रही है.
