
नई दिल्ली, 06 नवम्बर: नागपुर की 49 वर्षीय दीपा गर्ग ने घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ एक अविश्वसनीय कारनामा कर दिखाया है। मंडल रेल प्रबंधक विनायक व्यास गर्ग की पत्नी दीपा ने अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया, सैक्रामेंटो में आयोजित आयरन मैन ट्रायथलॉन पूरा कर लिया। उन्होंने 16 घंटे 43 मिनट में 4 किमी तैराकी, 180 किमी साइक्लिंग और 42 किमी दौड़ पूरी करके ‘आयरन वुमन’ का खिताब हासिल किया और वहाँ तिरंगा लहराया।
दीपा गर्ग ने अपनी फिटनेस यात्रा 41 वर्ष की उम्र में शुरू की थी, जिसके बाद उन्होंने 45 वर्ष में साइकिल चलाना और 46 वर्ष में तैराकी सीखी। आयरन मैन ट्रायथलॉन की दिशा में उनके पहले दो प्रयास असफल रहे थे, जिसमें एक बार वह सिर्फ 3 मिनट से चूक गईं और दूसरी बार समुद्र में जेलफिश के हमले के बावजूद रेस पूरी की। सैक्रामेंटो में भी 17 डिग्री ठंडे पानी और पैरों में ऐंठन जैसी कड़ी चुनौतियों को उन्होंने ‘भागो, चलो, फिर भागो… लेकिन रुको मत’ के मंत्र से पार किया।
अपनी सफलता पर खुशी जताते हुए दीपा ने कहा कि आयरन वुमन बनना कभी लक्ष्य नहीं था, बस वॉकिंग से रनिंग और फिर मैराथन की ओर बढ़ती गईं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय पति विनायक गर्ग को दिया, जो उनके सबसे बड़े प्रेरक बने। उनकी कहानी यह साबित करती है कि दर्द अस्थायी है और हार मानना स्थायी। ‘सीनियर रेलवे ऑफिसर की वाइफ’ से अब ‘आयरन वुमन’ बनी दीपा, अगले साल एक और आयरन मैन प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की तैयारी कर रही हैं।
