
* युवक कांग्रेस ने जांच में घिरे भ्रष्ट सचिव को पुन: ग्राम पंचायत खोरी का अतिरिक्त प्रभार देने को लेकर भाजपा नेताओं के दबाव में जिला पंचायत सीईओ की निष्पक्ष कार्यप्रणाली पर खड़े किये गंभीर सवाल
सीधी 12 फरवरी। अनियमितता की जांच में घिरे सचिव को अंतत: चोरी-चोरी में पंचायत का प्रभार दे दिया गया। युवक कांगे्रस ने जांच में घिरे भ्रष्ट सचिव को पुन: ग्राम पंचायत खोरी को अतिरिक्त प्रभार देने को लेकर भाजपा नेताओं के दबाव में जिला पंचायत सीईओ की निष्पक्ष कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किये।
जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरी पंचायत का अतिरिक्त प्रभार पुन: कौशेलेन्द्र द्विवेदी को देने के लिये चोरी-चोरी आदेश जारी किया गया है। उक्त आदेश की जानकारी जनपद पंचायत सिहावल के सीईओ को 10 दिन में भी नहीं मिल सकी है। ऐसे में जारी आदेश को लेकर ही सवाल खड़े हो रहे हैं। गौरतलब है कि गंभीर अनियमितताओं में फंसे कौशलेन्द्र द्विवेदी को फिर से खोरी पंचायत का अतिरिक्त प्रभार देने के आदेश की जानकारी मिलने पर खोरी पंचायत वार्ड क्रमांक 3 के पंच दीपक सिंह चौहान द्वारा 6 फरवरी को जिला पंचायत सीईओ के यहां आवेदन देकर अनियमितताओं की जानकारी देते हुये अतिरिक्त प्रभार के आदेश को निरस्त करने की मांग की गई थी। शिकायती आवेदन में कहा गया था कि कौशलेन्द्र द्विवेदी के विरूद्ध सत्र प्रकरण क्रमांक/164-2015 का प्रकरण प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश सीधी के न्यायालय में दर्ज किया गया है। वहीं उनके विरूद्ध फर्जी ग्राम सभा 5वें व 15वें वित्त से 5 से 6 लाख रूपये के फर्जी आहरण पर भी जांच के आदेश हैं। श्री द्विवेदी धारा 420, 409, 34 आईपीसी में जेल भी जा चुके हैं।
००
भाजपा नेताओं के दबाव में भ्रष्ट सचिव को संरक्षण दे रहे जिला सीईओ: देवेन्द्र
युवक कांग्रेस सीधी जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह दादू ने खबरों के माध्यम से संज्ञान में आये उक्त मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी पदस्थापना के दौरान भ्रष्टचारियों के खिलाफ निष्पक्षता से बिना किसी राजनैतिक दबाव के कार्य करने वाले जिला पंचायत सीधी सीईओ अंशुमान राज द्वारा ग्राम पंचायत खोरी में अतिरिक्त प्रभार के दौरान विभिन्न अनियमितता की दो वर्ष से लंबित जांच में घिरे ग्राम पंचायत कुबरी सचिव कौशलेन्द्र द्विवेदी को स्थानीय भाजपा नेताओं के दबाव में पुन: ग्राम पंचायत खोरी का अतिरिक्त प्रभार देने से उनकी निष्पक्ष कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिला पंचायत सीधी सीईओ की यह कार्यप्रणाली भाजपा की भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने वाली बन गई है। युकांध्यक्ष ने आगे कहा कि इस पूरे मामले में कहीं ना कहीं भ्रष्ट सचिव के खिलाफ तत्थात्मक और प्रमाणित अनियमितताओं के शिकायत की जांच पूरी नही करना और पुन: उसी पंचायत का अतिरिक्त प्रभार देना से स्पष्ट होता है कि भ्रष्ट सचिव को जिला पंचायत सीधी सीईओ द्वारा सरंक्षण दिया जा रहा है।
००
आदेश की 10 दिन तक जनपद सीईओ को भी नहीं मिली जानकारी
विवादों से घिरा ग्राम पंचायत खोरी में अनियमितताओं की शिकायत की जांच में फंसे तत्कालीन प्रभारी सचिव एवं ग्राम पंचायत कुबरी के सचिव कौशलेन्द्र द्विवेदी को पुन: ग्राम पंचायत खोरी का अतिरिक्त प्रभार देने का आदेश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी द्वारा क्रमांक 1089/जि.पं./सचिव स्थान./2025 के तहत दिनांक 31 जनवरी 2025 को चोरी-चोरी चुपके-चुपके किया गया और किसी को भी जानकारी नही लगने दी गई। यहां तक कि जनपद पंचायत सिहावल सीईओ से 10 फरवरी को इस आदेश की नवभारत द्वारा जानकारी पूंछे जाने पर उनके द्वारा अनभिज्ञता बताई गई।
००
अनियमितता की नहीं हुई जांच, फिर मिल गया प्रभार
जनपद पंचायत सिहावल के ग्राम पंचायत कुबरी में पदस्थ सचिव कौशलेन्द्र द्विवेदी के विरूद्ध गंभीर अनियमितताओं की जांच नहीं हुई, फिर भी उन्हें ग्राम पंचायत खोरी को अतिरिक्त प्रभार मिल गया है। तत्संबंध में जिला पंचायत सीईओ द्वारा पत्र क्रमांक/1089 में जनपद पंचायत सिहावल के सीईओ के पत्र क्रमांक 413, दिनांक 24 जनवरी 2025 के प्रस्तुत प्रस्ताव के आधार पर कौशलेन्द्र द्विवेदी को फिर से ग्राम पंचायत खोरी का अतिरिक्त सचिवीय एवं वित्तीय प्रभार आगामी आदेश तक के लिये 31 जनवरी 2025 को सौंप दिया गया। अनियमितताओं पर हटे कौशलेन्द्र द्विवेदी को फिर प्रभार सौंपना चर्चा का विषय बना हुआ है।
००
इनका कहना है
जब तक सचिव कौशलेंद्र द्विवेदी के खिलाफ दोषसिद्ध नही होता है तब तक उन्हें अतिरिक्त प्रभार देना नियमानुसार है। यदि जांच उपरांत दोष सिद्ध होता है उसके अनुसार अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
अंशुमान राज, सीईओ जिला पंचायत सीधी
०००००००००००००
