दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, बड़ा हादसा टला

खिलचीपुर। नगर में एक बड़ा सडक़ हादसा टल गया, जब जगन्नाथ मंदिर के सामने स्थित छोटे पुल पर दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना में दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. जबकि दो लोगों को मामूली चोटें आईं. राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बच गए.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खिलचीपुर निवासी देवीलाल सोनी अपनी कार से कुछ परिचितों को छोडऩे राजगढ़ की ओर जा रहे थे. इसी दौरान राजगढ़ की तरफ से हुजैफा हुसैन अपनी क्रेटा कार से खिलचीपुर आ रहे थे. दोनों वाहन जैसे ही जगन्नाथ मंदिर के सामने स्थित छोटे पुल पर पहुंचे, उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह पिचक गए. एक वाहन के शीशे टूटकर सडक़ पर बिखर गए. जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ. हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया. हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों ने छोटे पुल के पास स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग उठाई है. लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में वाहन अक्सर तेज गति से गुजरते ह. जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. नागरिकों का मानना है कि स्पीड ब्रेकर बनने से वाहनों की रफ्तार नियंत्रित होगी और भविष्य में इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सकेगा.

Next Post

पटरी पर फंसी पिकअप को इंजन ने टक्कर मारी

Mon Jun 8 , 2026
ब्यावरा। रुठियाई- मक्सी रेलखंड के जलालपुरा फाटक के पास बीती रात पिकअप वाहन इंटरसिटी एक्सप्रेस से टकरा गया. रात पौने 2 बजे हुए इस हादसे के बाद बड़ा हादसा टल गया. साथ ही रेलवे ट्रैक पर तीन घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा. हादसे की सूचना पर उज्जैन से दूसरा […]

You May Like